रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हिसार

Hisar News:खरीदारी करने आए वृद्ध के बैग से युवकों ने निकाले 50 हजार रुपये – Young Men Stole 50,000 Rupees From The Bag Of An Elderly Man Who Had Come To Shop

November 26, 2026


घिराय/बरवाला। बरवाला शहर में खरीदारी करने आए गांव बालक निवासी बलवीर शर्मा के बैग से तीन युवकों ने 50 हजार रुपये निकाल लिए। युवक ब्रेड खरीदने के बहाने उनके आसपास खड़े हुए और बातचीत में उलझाकर एक युवक ने बैग खोलकर उसमें रखी 500-500 रुपये के नोटों की गड्डी निकाल ली। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान में जुटी है।

बलवीर शर्मा ने बताया कि 28 नवंबर को गांव की ब्राह्मण धर्मशाला में कार्यक्रम होना है। इसकी तैयारियों के लिए वह वीरवार को गांव के रामपाल शर्मा, शंकर, रामनिवास सहित अन्य लोगों के साथ बरवाला में खरीदारी करने आए थे। इसी दौरान तीन युवक उनका पीछा करते हुए दिखाई दिए। अमूल की दुकान पर ब्रेड लेने पहुंचे तो दो युवक उनके पास ब्रेड देखने लगे। इसी बीच तीसरे युवक ने भीड़ का फायदा उठाकर बैग से नकदी निकाल ली। रकम गायब होने का पता चलने पर उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन युवक जा चुके थे।

सूचना मिलने पर आपातकालीन सेवा की गाड़ी मौके पर पहुंची। इसके बाद उन्होंने पुलिस चौकी में शिकायत दी। पुलिस ने आसपास की दुकानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। जांच अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन जारी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X