Sirsa News:संविधान दिवस पर सीडीएलयू में आयोजित हुआ विकसित भारत युवा संवाद, युवाओं को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ – Viksit Bharat Yuva Samvad Held At Cdlu On Constitution Day; Youth Take A Pledge For A Drug-free Life
मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से वीरवार को संविधान दिवस के उपलक्ष्य में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में विकसित भारत युवा संवाद के संविधान दिवस संस्करण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भारतीय संविधान, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित गुरविंदर सिंह और एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता पैरा एथलीट प्रमोद कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। दोनों अतिथियों ने अपने संघर्ष, मेहनत और उपलब्धियों के माध्यम से युवाओं को प्रेरित किया। इस अवसर पर यूथ आइकॉन नीतिका गोदारा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने, सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने युवाओं को संविधान की मूल भावना को समझने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों और विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। साथ ही स्वस्थ, सशक्त और नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का प्रण लिया। कार्यक्रम में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय से डॉ. रोहताश, जिला युवा अधिकारी धनपत, स्टाफ सदस्य तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
