Karnal News:पहलवानी से लेकर अंतरराष्ट्रीय जूडो तक, बल्ला की मिट्टी में चमके खिलाड़ी – From Wrestling To International Judo, Athletes From The Soil Of Balla Have Truly Shone
बल्ला (करनाल)। गांव की पहचान केवल खेती और ग्रामीण परिवेश से ही नहीं, बल्कि खेल के मैदान में हासिल उपलब्धियों से भी बनती है। बल्ला ने अपने खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिभा के दम पर खेल जगत में अलग पहचान बनाई है। यहां की मिट्टी में कुश्ती और कबड्डी का पुराना जुनून रहा है तो जूडो में भी गांव की बेटियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। रणबीर सिंह मान जैसे पहलवानों से लेकर अंतरराष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी रितु मान और रेखा मान तक कई खिलाड़ियों ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया है। इनकी उपलब्धियां गांव के युवाओं और खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
गांव के खिलाड़ियों की सफलता के पीछे सीमित संसाधनों के बीच किया गया संघर्ष भी शामिल है। ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े युवाओं ने नियमित अभ्यास और लगन के दम पर अपनी पहचान बनाई। कुश्ती और कबड्डी में गांव का पुराना रुझान रहा है। इन खेलों ने युवाओं को मैदान से जोड़े रखा और कई खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया। रणबीर सिंह मान ने पहलवानी के जरिये इस परंपरा को आगे बढ़ाया, वहीं कबड्डी के खिलाड़ियों ने भी गांव को खेलों के नक्शे पर पहचान दिलाई।
उज्बेकिस्तान में जीता रजत
रितु मान ने जूडो में अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है। वर्ष 2010 में उज्बेकिस्तान में आयोजित प्रतियोगिता में भारत के लिए रजत पदक जीतकर उन्होंने गांव का गौरव बढ़ाया। इसके बाद भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वर्ष 2024 में अमेरिका में आयोजित वर्ल्ड जूडो चैंपियनशिप में पांचवां स्थान हासिल करना उनके खेल सफर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है। रितु की उपलब्धियां केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं। अब वह खिलाड़ी के साथ कोच की भूमिका भी निभा रही हैं। गांव की बेटियों को जूडो का प्रशिक्षण देकर उन्हें प्रतियोगिताओं के लिए तैयार कर रही हैं। उनका मानना है कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के दम पर बेटियां भी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकती हैं।
अंतरराष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी एवं कोच: खेल में सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास बेहद जरूरी हैं। बेटियों को खेलों में आगे आने से घबराना नहीं चाहिए। सही मार्गदर्शन और मेहनत के दम पर वे अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकती हैं। – रितु मान
गांव में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। युवाओं में आगे बढ़ने का जज्बा है। जरूरत केवल उन्हें सही मंच और नियमित अभ्यास की सुविधाएं उपलब्ध कराने की है। रणबीर सिंह मान, पहलवान
खेलों ने आत्मविश्वास और पहचान दी है। गांव की बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए, ताकि वे अपनी प्रतिभा साबित कर सकें।
रेखा मान, खिलाड़ी
खिलाड़ियों को मंच मिले तो और निखरेगी प्रतिभा
खिलाड़ियों का कहना है कि बल्ला में खेल प्रतिभाओं और खेलों के प्रति जुनून की कमी नहीं है, लेकिन इन्हें निखारने और आगे बढ़ाने के लिए बेहतर सुविधाओं की जरूरत है। गांव में आधुनिक स्टेडियम और व्यवस्थित खेल मैदान की मांग लंबे समय से महसूस की जा रही है। कुश्ती के लिए मैट, कबड्डी के लिए बेहतर मैदान और जूडो प्रशिक्षण के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए जाएं तो खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए दूसरे स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। ग्रामीणों का कहना है कि खेल सुविधाओं का विस्तार होने से नई पीढ़ी को गांव में ही बेहतर प्रशिक्षण का माहौल मिलेगा। बल्ला के खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों से गांव को अलग पहचान दिलाई है। अब जरूरत इस पहचान को और मजबूत करने के लिए बुनियादी खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की है, ताकि अगली पीढ़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर गांव का नाम रोशन कर सके।

रेखा मान

रेखा मान
