रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सीहोर:पुलिस की पकड़ से फिसला आरोपी, चाय-नाश्ते के लिए हवालात से निकाला था बाहर, हथकड़ी खिसकाकर हुआ फरार – Sehore: Remand Accused Escapes Police Station After Slipping Handcuffs, Caught Near Bypass
सीहोर

सीहोर:पुलिस की पकड़ से फिसला आरोपी, चाय-नाश्ते के लिए हवालात से निकाला था बाहर, हथकड़ी खिसकाकर हुआ फरार – Sehore: Remand Accused Escapes Police Station After Slipping Handcuffs, Caught Near Bypass

November 26, 2026


पुलिस रिमांड पर हवालात में बंद आरोपी को सुबह हाथ-मुंह धुलाने और चाय-नाश्ता कराने के लिए बाहर निकालना कोतवाली पुलिस के लिए उस समय भारी पड़ गया, जब आरोपी ने पुलिस की निगरानी को धता बताते हुए हाथ से हथकड़ी खिसकाई और मौका मिलते ही थाने से फरार हो गया। थाने के भीतर से आरोपी के भागने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस टीम ने शहर के संभावित रास्तों पर तलाश शुरू की। आखिरकार पुलिस ने जहांगीरपुरा जोड़ के पास सीहोर बायपास पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। अब आरोपी के खिलाफ फरार होने के मामले में अलग से प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

चाय-नाश्ते की तैयारी बनी फरारी का मौका

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना सीहोर में अपराध क्रमांक 541/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में भोपाल जिले के परवलिया थाना क्षेत्र के ग्राम नीलबड़ निवासी फरीद खां (22), पिता बब्लू खां को न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लिया गया था। आरोपी को थाने की हवालात में रखा गया था। सुबह करीब 7 बजे ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान उसे हाथ-मुंह धुलाने और चाय-नाश्ता कराने के लिए हथकड़ी लगाकर हवालात से बाहर लेकर आया था। उसे हवालात के पास ही हथकड़ी से बांधकर बैठाया गया था।

हथकड़ी खिसकाकर भाग निकला

इसी दौरान आरोपी ने मौका देखकर अपने हाथ से हथकड़ी खिसका ली। पुलिस जवान कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आरोपी थाने से भाग निकला। पुलिस की मौजूदगी में आरोपी के इस तरह फरार होने से थाने में अफरा-तफरी मच गई। ड्यूटी पर मौजूद जवान ने तत्काल अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद कोतवाली का पूरा अमला आरोपी की तलाश में जुट गया।

ये भी पढ़ें: शहडोल: अमृत 2.0 पार्क निर्माण में सुस्ती पर बड़ा एक्शन, 2 साल में केवल 17 फीसदी काम, ठेकेदार होगा ब्लैकलिस्ट

संभावित रास्तों पर शुरू हुई घेराबंदी

आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए उसकी तलाश शुरू कर दी। शहर से बाहर निकलने वाले संभावित रास्तों और सीमाओं पर निगरानी बढ़ाई गई। पुलिस जवानों को अलग-अलग दिशाओं में रवाना कर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई। पुलिस की कोशिश थी कि आरोपी शहर की सीमा पार करने से पहले ही पकड़ में आ जाए।

कोतवाली पुलिस की सघन तलाश और त्वरित घेराबंदी के दौरान आरोपी फरीद खां सीहोर बायपास क्षेत्र में जहांगीरपुरा जोड़ के पास मिल गया। पुलिस टीम ने उसे चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया और सुरक्षित वापस थाने लेकर पहुंची। 

फरारी पर नया मामला दर्ज

कोतवाली थाना प्रभारी गिरीश कुमार दुबे ने बताया कि आरोपी फरीद खां पुलिस को चकमा देकर थाने से भाग गया था। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे जहांगीरपुरा जोड़ के पास से पकड़ लिया है। आरोपी के विरुद्ध हवालात से भागने के आरोप में नया मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X