रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:जाति प्रमाण पत्र को लेकर विवाद, पीड़िता के बेटे ने कहा- दादा-परदादा से राम जाति का है परिवार – New Allegations Surface In Purnia Sarsi Case: Family Claims Generational Ram Caste Status
पूर्णिया

बिहार:जाति प्रमाण पत्र को लेकर विवाद, पीड़िता के बेटे ने कहा- दादा-परदादा से राम जाति का है परिवार – New Allegations Surface In Purnia Sarsi Case: Family Claims Generational Ram Caste Status

November 26, 2026


पूर्णिया जिले के सरसी थाना क्षेत्र अंतर्गत निपनियां संथाल टोला, वार्ड संख्या-02 की रहने वाली रूबी देवी की ओर से आईजी को दिए गए आवेदन के बाद अब उनके पुत्र का बयान भी सामने आया है। परिवार ने पुलिस और कुमोद यादव सहित अन्य लोगों पर उनकी जाति को लेकर सवाल उठाने और पूरे परिवार को बनिया जाति का बताने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि इसी आधार पर उनके पिता किशुन राम को फर्जी जाति प्रमाण पत्र के मामले में जेल भेज दिया गया, जबकि उनके पास वैध जाति प्रमाण पत्र मौजूद है।

मामले में बयान देते हुए पीड़िता के पुत्र ने कहा कि पुलिस और संबंधित पक्षों की ओर से उनके परिवार को राम जाति का नहीं, बल्कि दूसरी जाति का बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके दादा-परदादा से लेकर परिवार की सभी पीढ़ियां राम जाति से आती हैं।

परिवार का आरोप है कि उनकी एक बहन ने दूसरी जाति (बनिया) में प्रेम विवाह किया था। इसी आधार पर आरोप लगाने वाले लोग पूरे परिवार को बनिया जाति का बता रहे हैं और जाति प्रमाण पत्र को फर्जी करार दे रहे हैं। परिजनों का दावा है कि इसी आरोप के आधार पर उनके पिता किशुन राम को जेल भेजा गया है, जबकि उनके पास वैध जाति प्रमाण पत्र है।

पीड़िता रूबी देवी के मुताबिक, पूरे विवाद की शुरुआत 22 अप्रैल 2026 को निपनियां संथाल टोला स्थित खेत में लगी मकई की फसल काटने को लेकर हुई थी। इस मामले में उन्होंने आईजी, पूर्णिया क्षेत्र को आवेदन देकर सरसी थानाध्यक्ष राहुल कुमार यादव, पुअनि कान्तेश्वर नाथ पांडेय और पदाधिकारी प्रदीप कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

रूबी देवी का आरोप है कि 22 अप्रैल 2026 को मकई की फसल काटने से रोकने पर कुमोद यादव समेत अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। इस संबंध में उन्होंने थाने में आवेदन भी दिया था। उनका आरोप है कि मामले की जांच के दौरान केस मैनेज करने के नाम पर 20 हजार रुपये लिए गए। इसके बाद उनके पति किशुन राम को जेल भेजे जाने के बाद 10 हजार रुपये और लिए गए।

पीड़िता का कहना है कि उनका परिवार पीढ़ी दर पीढ़ी राम जाति से जुड़ा रहा है, इसके बावजूद परिवार को बनिया जाति का बताकर जाति प्रमाण पत्र को फर्जी करार दिया गया और उनके पति को जेल भेज दिया गया।

वहीं, इस पूरे मामले, पीड़िता के पुत्र के बयान और परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों पर पुलिस का पक्ष जानने के लिए बनमनखी एसडीपीओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया। उन्हें दो बार फोन किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं होने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X