Mahoba News:13.35 करोड़ की निर्माणाधीन फोरलेन बनी मुसीबत, जाम में घुट रहा शहर – Under-construction Four-lane Project Worth 13.35 Crore Becomes A Source Of Trouble; City Choking In Traffic Jams
महोबा। शहर के परमानंद चौक से झलकारी बाई तिराहे तक फोरलेन सड़क का निर्माण लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। कहीं सड़क उखड़ी पड़ी है तो कहीं बालू व गिट्टी के ढेर आवागमन में बाधा बने हैं। ऊपर से सड़क की पटरियों तक ठेलिया दुकानदारों का कब्जा है। हालात यह है कि इस मार्ग पर दिनभर जाम लग रहा है। 13.35 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क की बदहाली और निर्माण की सुस्त रफ्तार ने लोगों का सफर मुश्किल कर दिया है।
फोरलेन निर्माण के लिए माह सितंबर 2025 में वित्तीय स्वीकृति मिली थी। 12 माह के भीतर काम पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी सड़क की एक लेन तक तैयार नहीं हो सकी। निर्माण कार्य की रफ्तार इतनी धीमी है कि लोगों को रोजाना उखड़ी सड़क, धूल व जाम से जूझना पड़ रहा है। जिम्मेदार विभाग और कार्यदायी संस्था की लापरवाही का खामियाजा राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है।
इस मार्ग पर नवीन गल्ला मंडी होने से सुबह से ही किसानों के ट्रैक्टर सड़क के एक ओर खड़े हो जाते हैं। ऐसे में दूसरी ओर से ही वाहनों का आवाजाही होती है। पहले से संकरी हुई सड़क पर ठेलिया दुकानदारों ने पटरियों तक कब्जा जमा रखा है। जगह-जगह उखड़ी सड़क और निर्माण सामग्री बिखरी होने से वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती। ऐसे में थोड़ी सी भी वाहनों की भीड़ लगते ही जाम लग जाता है। कई बार वाहन काफी देर तक रेंगते रहते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, अभिभावकों और कार्यालयों के लिए निकलने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है। जाम में फंसने से बच्चों को स्कूल और कर्मचारियों को कार्यालय पहुंचने में देरी होती है। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक भी उखड़ी सड़क पर गिरने और दुर्घटना की आशंका के बीच सफर करने को मजबूर हैं। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विकास कुमार जौहरी का कहना है कि ठेकेदार को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। माह दिसंबर के अंत तक काम पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है।
लोगों ने बताई समस्या
युवा चांद बाबू कहते हैं कि सड़क निर्माण के नाम पर रास्ता खोदकर छोड़ दिया गया है लेकिन आवागमन सुचारु रखने के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए। उड़ती धूल के बीच जाम में फंसने से घुटन महसूस होने लगती है।
शहर के नैकानापुरा निवासी रज्जन का कहना है कि फोरलेन निर्माण में मनमानी की जा रही है। जिसका खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। एक साइड में किसानों के ट्रैक्टर खड़े हो जाते हैं जबकि दूसरी ओर सड़क तक अतिक्रमण होने से जाम लग रहा है।
