Ludhiana News:वेल्डिंग कर रहे दो युवकों को उठा ले गए अज्ञात, पुलिस जांच में जुटी – Two Young Men Doing Welding Were Taken Away By Unknown People, Police Are Investigating
लुधियाना। मंगलवार दोपहर गांव भट्टियां के पास जल शोधन संयंत्र से दो कामगारों, ईश्वर सिंह उर्फ टिंकू और प्रदीप कुमार, का अपहरण कर लिया गया। चार अज्ञात बदमाश एक सफेद रिट्ज कार में आए और उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए।
थाना सलेम टाबरी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है। ताजपुर रोड निवासी करण कुमार ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि उनके ममेरे भाई टिंकू और मजदूर प्रदीप वेल्डिंग का काम कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, अपहरण से पहले टिंकू के मोबाइल पर सुबह से ही अनजान फोन आ रहे थे। कॉलर बार-बार उसकी लोकेशन पूछ रहा था। दोपहर करीब 2:30 बजे सफेद रिट्ज कार में चार अधेड़ उम्र के व्यक्ति पहुंचे और दोनों को दबोच लिया। पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है और उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं है।
पुलिस की जांच
जांच अधिकारी एएसआई शिंगारा सिंह ने बताया कि शिकायत मिलते ही केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। टिंकू के मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकाली जा रही है ताकि फोन करने वाले शख्स का सुराग लग सके।
