Dehradun News:राजपुर थाने पहुंचे विनोद आर्य, बोले मेरा नार्को टेस्ट कराओ – Vinod Arya Arrived At The Rajpur Police Station And Said, “conduct A Narco Test On Me
देहरादून। अंकिता भंडारी की व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य बृहस्पतिवार को राजपुर थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से खुद का नार्को टेस्ट कराने की मांग की। साथ ही कहा कि यह टेस्ट अंकिता के कथित दोस्त पुष्पदीप का भी होना चाहिए। यहां उन्होंने प्राथमिकी के संबंध में भी पुलिस से बात की और अपना पक्ष भी रखा।
विनोद आर्य ने थाने में मीडियाकर्मियों से कहा कि प्राथमिकी दर्ज होने की उन्हें जानकारी मिली थी। इसके बाद वह स्वयं ही थाने आए हैं। उनके खिलाफ अगर कोई आरोप बनता है तो वह गिरफ्तारी के लिए भी तैयार हैं। यहां उन्होंने खुद का नार्को टेस्ट कराने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि वह खुद नार्को टेस्ट कराने के तैयार हैं और पुलकित भी इसके लिए तैयार है। उन्होंने पुष्पदीप, अंकिता के माता-पिता समेत उन सभी का नार्को टेस्ट कराने व कार्रवाई की मांग की। कहा कि बेटी को न्याय दिलाने के लिए सभी का नार्को टेस्ट होना चाहिए।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि एफआईआर से जुड़ा घटनाक्रम हरिद्वार का है। केस जांच के लिए हरिद्वार ट्रांसफर कर दिया गया है। इसकी जानकारी दोनों पक्षों को उपलब्ध करा दी गई है। गौरतलब है कि अंकिता भंडारी के माता पिता बुधवार को गांधी पार्क के सामने धरने पर बैठे थे। इसके बाद वहां पहुंचे एडीजी कानून व्यवस्था डॉ. वी मुरुगेशन के निर्देश पर विनोद आर्य के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी।
