चुनार। चुनार थाना क्षेत्र के बालूघाट पक्का पुल पर बृहस्पतिवार सुबह एक युवक ने सुरक्षा जाली के ऊपर से गंगा में छलांग लगा दी। किनारे बैठे नाविकों ने युवक को नदी में गिरते देखा तो तत्काल नाव लेकर उसकी तलाश शुरू की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद नाविकों ने गहरे पानी से युवक का शव बाहर निकाला। मृतक की पहचान वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र के चंदापुर गांव निवासी साहिल (22) पुत्र सदरुद्दीन के रूप में हुई है।
बताया गया कि युवक सुबह मेड़िया घाट की ओर से पुल पर पहुंचा था। कुछ आगे बढ़ने के बाद उसने सुरक्षा जाली के ऊपर से गंगा में छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने स्थानीय नाविकों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। करीब दो घंटे बाद शव बरामद हुआ।
चौकी प्रभारी देवेंद्र राय ने सोशल मीडिया पर युवक की तस्वीर प्रसारित कर पहचान कराने का प्रयास किया। इसके आधार पर पहचान होने पर पिता सहित अन्य परिजन चुनार पहुंचे। पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि साहिल कुछ व्यक्तिगत कारणों से परेशान था। बुधवार की रात वह घर से बिना कुछ बताए निकल गया था और वापस नहीं लौटा।
पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साहिल चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था और बकरा-बकरी की खरीद-फरोख्त का काम करता था। अपराध निरीक्षक सत्येंद्र कुमार यादव ने बताया कि गंगा में मिले युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।