Mahoba News:दौड़ में रिया तो लंबी कूद में सोनाली ने मारी बाजी – Riya Triumphed In The Race, While Sonali Emerged Victorious In The Long Jump
महोबा। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से विधानसभा स्तरीय विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन हुआ। 100 मीटर दौड़ में रिया और लंबी कूद में सोनाली ने बाजी मारी। विजेता प्रतिभागियों को शील्ड और मेडल देकर पुरस्कृत किया गया।
सब जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में दीपक और गोला फेंक में अमित रैकवार प्रथम रहे। बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में रिया अव्वल रहीं। कबड्डी में बरा की टीम ने पसवारा को हराकर खिताब अपने नाम किया।
जूनियर बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में राहुल व गोला फेंक में वीरेंद्र कुमार प्रथम रहे। बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में नीलम, तवा फेंक में लक्ष्मी और लंबी कूद में सोनाली राजपूत ने बाजी मारी। वॉलीबाॅल के बालक वर्ग में महोबा की टीम विजेता रही जबकि बालिका वर्ग में पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय की टीम जीती। सीनियर बालक वर्ग की 1,500 मीटर दौड़ में राजकुमार, 400 मीटर दौड़ में चंद्रशेखर और गोला फेंक में धर्मेंद्र प्रथम रहे।
इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि रोहित शर्मा, व्यापार मंडल के अध्यक्ष रामजी गुप्ता और पूर्व जिला व्यायाम सचिव नंदराम यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस मौके पर समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी, जिला युवा कल्याण अधिकारी मतगंजन प्रसाद कुशवाहा मौजूद रहे।
