Auraiya News:फिर बढ़ा प्रदूषण, 132 से 151 पर पहुंचा एक्यूआई – Pollution Rises Again; Aqi Reaches 151, Up From 132
-तीन दिनों में लगातार घट-बढ़ रहा हवा की गुणवत्ता का स्तर
-बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम ठंड से बचाव की विशेष जरूरत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिधूना। बिधूना में मौसम के लगातार उतार-चढ़ाव के साथ वायु प्रदूषण का स्तर भी घट-बढ़ रहा है। पिछले दिनों प्रदूषण बढ़ने के बाद सोमवार को एक्यूआई 95 पर पहुंचा था, जिससे लोगों ने राहत महसूस की थी। हालांकि, बाद में इसमें फिर से वृद्धि दर्ज की गई, जिससे हवा की गुणवत्ता को लेकर चिंता बनी हुई है।
मंगलवार को एक्यूआई 52 अंक बढ़कर 147 पर पहुंच गया। बुधवार को इसमें कुछ गिरावट आई और यह 132 दर्ज किया गया। लेकिन गुरुवार को फिर प्रदूषण का स्तर बढ़कर 151 पर पहुंच गया। करीब 15 नवंबर को बिधूना में एक्यूआई 236 तक पहुंच गया था। हवा की कम होती रफ्तार के बीच प्रदूषण का स्तर कभी बढ़ रहा है तो कभी घट रहा है, जिससे लोगों को फिलहाल पूरी तरह राहत नहीं मिल पा रही है।
कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. राम पलट सिंह के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री पर स्थिर रहा, पर न्यूनतम तापमान एक डिग्री गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस हो गया। हवा में नमी का स्तर 68 फीसदी और हवा की रफ्तार छह किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। गुरुवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री की गिरावट के साथ 26 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
गुरुवार को हवा की रफ्तार भी घटकर पांच किलोमीटर प्रति घंटा रह गई, जबकि एक्यूआई बढ़कर 151 दर्ज किया गया। मौसम के बदलते मिजाज के बीच दिन में धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है। हालांकि, सुबह और शाम ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का एहसास लगातार बढ़ रहा है। दिन और रात के तापमान में अंतर होने से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम ठंड से बचाव की विशेष जरूरत पड़ रही है।
