रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मथुरा

Mathura News:कान्हा की कार सेवा के लिए 40 हजार लोग पहुंचने का दावा – Claim Made That 40000 People Will Arrive For Kar Seva (voluntary Service) For Kanha

November 27, 2026


मथुरा। 6 दिसंबर को श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर प्रस्तावित कार सेवा के लिए 40 हजार लोगों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। कार सेवा का शंखनाद करने वाले श्रीचित्रगुप्त पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद समर्थकों संग गांव-गांव जाकर लोगों को एकत्रित करने में जुटे हैं। बृहस्पतिवार को उन्होंने गोवर्धन क्षेत्र में एक दिन कृष्ण लला के वास्ते का नारा देते हुए समर्थन मांगा। उनका दावा है कि कान्हा के जन्मस्थल को मुक्त कराने के लिए पूरे भारत से संत समाज और लोगों का समर्थन मिला है।

वृंदावन-गोवर्धन मार्ग के जुलहेंदी स्थित श्रीचित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि के विवादित स्थल पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए 9 अगस्त 2026 को आश्रम परिसर में शिला पूजन किया था। संतों की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 6 दिसंबर को जन्मभूमि पर कार सेवा का शंखनाद किया था। इसके बाद स्वामी सच्चिदानंद ने उत्तर प्रदेश और अन्य प्रदेशों में अलग-अलग स्थानों पर जाकर लोगों से कार सेवा के लिए समर्थन जुटाना शुरू कर दिया।

अब प्रस्तावित 6 दिसंबर का समय नजदीक आते ही हथौड़े, फावड़े, कुदाल और तसले मंगाए गए हैं। गोवर्धन के अडींग क्षेत्र में पहुंचे स्वामी सच्चिदानंद ने लाउडस्पीकर से एक दिन कृष्ण लला के वास्ते का नारा देते हुए जन्मभूमि पर जुटने की अपील की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राम लला की तरह की कान्हा के जन्म स्थल को भी मुक्त कराना होगा। लाउडस्पीकर पर बोलते हुए उन्होंने गुंबद तोड़ने की बात कही। उनका कहना है कि हर हाल में कार सेवा होकर रहेगी।

—————–

कई संत मथुरा पहुंचे, कर रहे अपील

स्वामी सच्चिदानंद का दावा है कि कार सेवा के लिए देशभर से समर्थन मिला है। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी ने समर्थक कर 4 दिसंबर की रात को मथुरा आने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री ने भी समर्थन किया है। वहीं, जागेश्वर धाम से लाल बाबा, रायबरेली से कबीरजी महाराज और गोरक्षक पहुंच चुके हैं। सभी संत समाज से संपर्क कर कार सेवा की योजना सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

——————

भाजपा की योजना बैठक के बाद बढ़ी हलचल

भाजपा ने मिशन-2027 के जरिये सत्ता की हैट्रिक लगाने के लिए परखम के गो-अनुसंधान केंद्र में 16 और 17 नवंबर को योजना बैठक में चुनावी वैतरणी पार लगाने के लिए महामंथन किया था। महामंथन के बाद भाजपा ने राधे-राधे, कमल खिला दे और काशी, अयोध्या हुई हमारी अब मथुरा की बारी… का संदेश देते हुए चुनावी एजेंडा साफ कर दिया था। इसके बाद से कार सेवा की हलचल तेज होने लगी। अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर कार सेवा की घोषणा कर दी। इसके अलावा स्वामी सच्चिदानंद ने भी अपनी प्रस्तावित कार सेवा के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X