रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
गाज़ियाबाद

Ghaziabad News:अभियान से पहले और बाद में होगा बीएलओ के कार्य का सत्यापन – Verification Of The Blo’s Work Will Be Conducted Both Before And After The Campaign

November 27, 2026


गाजियाबाद। मतदाता सूची में लोगों का नाम जोड़ने की प्रक्रिया में बीएलओ के कार्य का सत्यापन होगा। विशेष अभियान के बाद लक्ष्य से पीछे रहने वाले करीब 100 बीएलओ के क्षेत्रों में अधिकारियों को दौरा कर जानकारी लेनी होगी। बृहस्पतिवार को जिले में पहुंचे मंडलायुक्त व रोल ऑब्जर्वर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 28 और 29 नवंबर को चलने वाले विशेष अभियान के बाद इसकी समीक्षा की जाए। इसके साथ ही अभियान से पहले कम फॉर्म लेने वाले 75 बीएलओ के क्षेत्रों में निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) व सुपरवाइजर स्वयं सत्यापन करेंगे। जिले में वर्तमान में करीब 23 लाख मतदाता हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी की तरफ से जिले को 10 लाख मतदाताओं के नाम जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। इसमें अभी तक करीब 83 हजार फॉर्म-6 मिले हैं।

कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवसों पर मतदान दिवस की तर्ज पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। इनके माध्यम से बीएलओ की उपस्थिति, लोकेशन व कार्य की प्रगति की प्रत्येक दो घंटे में समीक्षा की जाएगी। शहरी क्षेत्रों में नगर निगम व नगर निकाय के कर्मचारियों, सुपरवाइजरों तथा पार्षदों का सहयोग लेकर बहुमंजिला इमारतों के साथ अन्य क्षेत्रों में मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत सचिवों, लेखपालों एवं कोटेदारों की मदद ली जाएगी।

मंडलायुक्त ने बेहतर तरीके से कार्य कराने के लिए बीएलओ और फील्ड में कार्य कर रहे कर्मचारियों के साथ समन्वयपूर्ण व्यवहार रखने तथा उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए कहा। साथ ही अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इस पर नजर रखने की जिम्मेदारी अधिकारियों को दी गई है। मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 को ज्यादा-से-ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही उन्होंने सभी लंबित ऑफलाइन प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन निर्धारित समय में कराने तथा प्रतिदिन शाम छह बजे तक रिपोर्ट लॉक करने के निर्देश दिए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X