रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश)

Hamirpur (himachal) News:अब ग्रामीण महिलाएं सीखेंगी कारोबार के गुर – Now Rural Women Will Learn The Tricks Of Business

November 27, 2026


हमीरपुर। ग्रामीण महिलाएं अब अपने हुनर को कारोबार में बदलने के गुर सीखेंगी। ब्राहलड़ी पंचायत में 68 महिलाओं को उद्यमी बनाने के उद्देश्य से वीरवार को तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ।

खंड विकास अधिकारी कार्यालय हमीरपुर की ओर से उद्योग विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में महिलाओं को कारोबार शुरू करने, उसका संचालन करने और अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शिविर में महिलाओं को केवल कारोबार शुरू करने की जानकारी ही नहीं दी जाएगी, बल्कि उसे सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने के तरीके भी सिखाए जाएंगे। उन्हें अपने उत्पादों की पहचान बनाने, बिक्री के लिए बाजार तक पहुंचने और कारोबार का विस्तार करने के गुर बताए जाएंगे।

इसके साथ ही अन्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनके लिए रोजगार के अवसर तैयार करने की जानकारी भी दी जाएगी। खंड विकास अधिकारी हमीरपुर एचएएस रजत चौधरी ने बताया कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इसके माध्यम से महिलाएं अपना कारोबार शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने का हुनर सीखेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X