Sitapur News:बेहतर प्रबंधन में पांच गोशालाओं को मिला सम्मान – Five Cow Shelters (gaushalas) Receive Recognition For Better Management
सीतापुर। गोवंश संरक्षण, बेहतर प्रबंधन और पशु कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली जिले की पांच गोशालाओं को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पशुपालन विभाग की ओर से श्रेष्ठ गोआश्रय स्थलों के रूप में चयनित गोशालाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वर्ष 2026-27 के लिए जिले की गोंदलामऊ ब्लॉक की असुवामऊ, मिश्रिख ब्लॉक की बर्मी और दधनामऊ, एलिया ब्लॉक की नरबहनपुर और पिसावां ब्लॉक की गौरा गोशाला को उत्कृष्ट कार्यों के लिए चयनित किया गया। कार्यक्रम में असुवामऊ गो आश्रय स्थल की प्रधान श्यामा देवी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पशुपालन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की ओर से जारी प्रशस्ति पत्र में गोशाला के गोवंश संरक्षण, उत्तम प्रबंधन और पशु कल्याण के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की गई।
विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता पशुपालन विभाग के नोडल अधिकारी संयुक्त निदेशक डॉ. सुनील कुमार राय ने की। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक मिश्रिख के प्रतिनिधि एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय भार्गव मौजूद रहे। प्रभारी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार यादव सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। पांच गोशालाओं को सम्मान मिलने से उनके संचालन से जुड़े लोगों में उत्साह है। यह उपलब्धि जिले में गोवंश संरक्षण और गोआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के प्रयासों को प्रोत्साहित करेगी।
