Amethi News:एक सिलिंडर के भरोसे रसोई, दूसरे का इंतजार – Cooking Depends On One Cylinder, While The Other Is Awaited
अमेठी सिटी। रसोई गैस का एक सिलिंडर खत्म होने के बाद उपभोक्ताओं को दूसरे के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। डबल बॉटल कनेक्शन (डीबीसी) नहीं मिलने से एक सिलिंडर के भरोसे चल रहे परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। जिले में करीब 12 हजार अतिरिक्त सिलिंडरों की जरूरत का अनुमान लगाया गया है। इसके लिए तीनों तेल कंपनियों की एजेंसियों के स्तर पर मांग का आकलन किया गया है।
जिले में 5,17,625 घरेलू गैस उपभोक्ता हैं। इनमें 3,02,587 उज्ज्वला और 2,15,038 सामान्य श्रेणी के कनेक्शन हैं। इन उपभोक्ताओं को इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 32 गैस एजेंसियों से आपूर्ति होती है। इनमें इंडियन ऑयल की 18, भारत पेट्रोलियम की 11 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की तीन एजेंसियां हैं।
अनुमानित जरूरत के मुताबिक इंडियन ऑयल की एजेंसियों के लिए 6,750, भारत पेट्रोलियम के लिए 4,125 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के लिए 1,125 अतिरिक्त सिलिंडरों की जरूरत है। इस तरह जिले में कुल 12 हजार अतिरिक्त सिलिंडरों की मांग सामने आई है।
एक सिलिंडर खत्म होने पर उपभोक्ताओं को रिफिल मिलने तक इंतजार करना पड़ता है। दूसरा सिलिंडर उपलब्ध होने पर खाली सिलिंडर जमा कराकर भी घर में गैस की व्यवस्था बनाए रखना आसान होता है। इसी वजह से उपभोक्ता डबल बॉटल कनेक्शन की मांग कर रहे हैं। हालांकि नए डीबीसी जारी करने की प्रक्रिया और लंबित आवेदनों की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
डीएसओ शशिकांत ने बताया कि डीबीसी के लिए कितने उपभोक्ताओं ने आवेदन किया है और कितने आवेदन लंबित हैं, इसका कंपनीवार आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। तीनों तेल कंपनियों की एजेंसियों से लंबित आवेदनों, सिलिंडरों की उपलब्धता और दूसरा सिलिंडर जारी करने की प्रक्रिया का ब्योरा मांगा गया है। रोक हटते ही उपभोक्ताओं को सिलिंडर मुहैया कराने की व्यवस्था की जाएगी।
आपूर्ति प्रभावित होने के बाद बढ़ी चिंता
मार्च-अप्रैल में गैस आपूर्ति प्रभावित होने के दौरान नए कनेक्शन और डबल बॉटल कनेक्शन जारी करने पर अस्थायी रोक की खबरें आई थीं। इसके बाद उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई। जिले में यह रोक अभी लागू है या नए कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
