Saharanpur News:सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी की पत्नी को सात दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर 66 लाख ठगे – Wife Of Retired Bank Officer Swindled Out Of 66 Lakh After Being Kept Under Digital Arrest For Seven Days
सहारनपुर। कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में आवास विकास निवासी सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी की पत्नी को सात दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखकर 66 लाख रुपये ठग लिए गए। ठगों ने खुद को एटीएस पुणे का अधिकारी बताया।
इसके बाद महिला को फोन कर बैंक खाते की जांच का डर दिखाया। ठगों ने कभी वीडियो तो कभी व्हाट्सएप कॉल की। इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस 40 लाख रुपये होल्ड करा चुकी है। पीड़िता सुनीता रानी के पति राधेश्याम एक निजी बैंक में प्रबंधक के पद से सेवानिवृत्त हैं। साइबर थाना प्रभारी जावेद खान ने बताया कि पीड़िता सुनीता रानी की तरफ से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। कुछ दिन पहले पीड़िता के पास अनजान नंबर से वीडियो कॉल आई थी।
फोन करने वाले ने खुद को पुणे से एटीएस अधिकारी बताया। बताया कि बैंक खाते की जांच चल रही है। जांच पूरी होने तक ऑनलाइन रहना होगा। किसी से इस संबंध में बात नहीं करनी है। इसके बाद ठग बीच-बीच में कॉल करते रहे। जब भी उनकी कॉल आती, महिला फोन उठा लेती थी। कुछ दिन तक वीडियो कॉल के जरिये उससे संपर्क किया गया। बाद में व्हाट्सएप कॉल पर बातचीत होने लगी।
ठग लगातार उससे बैंक खाते से जुड़ी जानकारी मांगते रहे। इसके अलावा अन्य बातों में भी महिला को उलझाकर रखा। ठगों ने खाते में गड़बड़ी का डर दिखाकर महिला से 18, 19 और 23 नवंबर को 66 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
इसके बाद में महिला को साइबर ठगी होने का पता चला। साइबर क्राइम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 40 लाख रुपये होल्ड करा दिए हैं। शेष रकम की जानकारी जुटाई जा रही है।
