बिहार के गोपालगंज जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रशासनिक मोर्चे पर एक बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में गोपालगंज की अपर समाहर्ता (एडीएम) राजेश्वरी पांडेय और सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) डॉ. प्रेरणा सिंह को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है। इन दोनों वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के ठिकानों पर हाल ही में स्पेशल विजिलेंस यूनिट (एसवीयू) ने छापेमारी की थी, जिसमें अकूत संपत्ति का खुलासा हुआ था।
एडीएम के ठिकानों पर हुई थी भारी बरामदगी
पिछले महीने एसवीयू की टीम ने एडीएम राजेश्वरी पांडेय के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान उनकी आय से 100 फीसदी अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला सामने आया था। जांच के दौरान उनके 35 अलग-अलग बैंक खातों में 1.49 करोड़ रुपये जमा मिले थे। इसके अलावा, अधिकारी और उनके परिजनों (पत्नी व बेटे) के नाम पर पटना, रोहतास और वाराणसी जैसी जगहों पर कुल 12 प्लॉट और फ्लैट होने की बात सामने आई थी। उनके आवास से 1.85 करोड़ रुपये नकद, 10.25 लाख रुपये के निवेश से संबंधित कागजात और करीब 32 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए थे।
एसडीएम और उनके इंजीनियर पति भी शिकंजे में
दूसरी ओर, 24 नवंबर को सदर एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह और उनके इंजीनियर पति रितेश कुमार के ठिकानों पर एसवीयू ने एक साथ छापेमारी की थी। इस कार्रवाई के दौरान उनकी आय से 84 फीसदी अधिक संपत्ति होने का खुलासा हुआ। एसवीयू की टीम को छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, आभूषण और अन्य कीमती सामान मिले हैं। इनके आधार पर आगे की कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
सरकार का सख्त रुख
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर भ्रष्ट आचरण और भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इन दोनों मामलों के सामने आने के बाद प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। सरकार के इस कड़े कदम से स्पष्ट है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।

भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रशासनिक मोर्चे पर एक बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है।