Jalaun News:शंकरपुर के दंगल में पहलवानों ने दिखाया दम – Wrestlers Showcased Their Strength At The Shankarpur Dangal (wrestling Tournament)
कुठौंद (जालौन) । कुठौंद ब्लॉक के ग्राम शंकरपुर में आयोजित विशाल दंगल में अंतरराज्यीय पहलवानों ने अपने दमखम और शानदार दांव-पेच से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
अखाड़े में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। दंगल में करीब 20 मुकाबले आयोजित किए गए।
दंगल का मुख्य आकर्षण अंतिम कुश्ती रही। इसमें झांसी के रवि शिकरवार और गाजियाबाद के अमित पहलवान के बीच 1.51 लाख रुपये की इनामी कुश्ती हुई। दोनों पहलवानों ने काफी देर तक एक-दूसरे पर दांव-पेच आजमाए, लेकिन कोई भी दूसरे को चित नहीं कर सका। अंततः यह मुकाबला बराबरी पर छूटा।
वहीं, दतिया के पहलवान इंद्रजीत पाठक (मध्य प्रदेश केसरी) और नोएडा के विशाल पहलवान के बीच भी कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया और यह कुश्ती भी बराबरी पर समाप्त हुई। इसके अलावा हाथरस के शिवा पहलवान और फिरोजाबाद के लव पहलवान के बीच हुए मुकाबले में लव पहलवान ने जीत हासिल की।
हाथरस के नेत्रपाल, औरैया के शिवपूजन, टिकारी के छोटू पहलवान समेत अन्य पहलवानों ने भी अखाड़े में अपने दांव-पेच दिखाए। एक अन्य मुकाबले में अमित पहलवान ने छोटू पहलवान को शिकस्त देकर जीत दर्ज की।
दंगल का शुभारंभ भाजपा नेता सुदामा दीक्षित ने कराया। इस दौरान आशीष चतुर्वेदी, मनीष प्रधान, शंकरपुर मेला कमेटी के अध्यक्ष लकी त्रिपाठी और अनुराग मिश्रा भदेश मौजूद रहे।
