तिर्वा। राजकीय मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी सेवा शुरू होने से हृदय रोगियों को बेहतर उपचार की सुविधा मिलने लगी है। कार्डियोलॉजी और आईसीयू टीम के संयुक्त प्रयासों से सांस लेने में गंभीर परेशानी से जूझ रही 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान बचाने में सफलता मिली। तीन दिन तक चले उपचार के बाद महिला की हालत में सुधार हुआ। बृहस्पतिवार को स्वस्थ होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
कस्बा निवासी मंजू देवी (65) को सांस लेने में गंभीर परेशानी होने पर तीन दिन पहले राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में रखा गया। यहां ईसीजी समेत आवश्यक जांचें कराई गईं। इसके बाद कार्डियोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. सुभाष चंद्रा के मार्गदर्शन में उपचार शुरू किया गया। वहीं आईसीयू में डॉ. रितुराज, डॉ. राजीव और डॉ. शशांक राव की टीम ने मरीज की लगातार निगरानी की।
चिकित्सकों ने आपसी तालमेल के साथ उपचार की प्रक्रिया जारी रखी। टीम के प्रयासों से धीरे-धीरे मरीज की हालत में सुधार होने लगा। बृहस्पतिवार को स्थिति स्थिर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी।
इनसेट
एसडीएम ने किया कार्डियोलॉजी अस्पताल का निरीक्षण
बुजुर्ग महिला के उपचार के दौरान एसडीएम वैशाली ने कार्डियोलॉजी अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। वहीं मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने मरीज को स्वस्थ करने में अहम भूमिका निभाने वाली कार्डियोलॉजी और आईसीयू टीम को बधाई दी। उन्होंने चिकित्सकों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की।