सिढ़पुरा। अब आय, जाति और मूल निवास प्रमाणपत्र बनवाने के लिए ग्रामीणों को तहसील के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। ग्राम पंचायत सुनहरा में ही उन्हें इन सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। रामलीला मैदान के पास चार लाख रुपये की लागत से तैयार कराए गए कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कॉमन सर्विस सेंटर के भवन को निजी तौर पर बनाए जाने की शिकायत सामने आने के बाद डीपीआरओ राजेश चौरसिया बृहस्पतिवार को गांव पहुंचे। डीपीआरओ ने बताया कि भवन का निर्माण ग्राम प्रधान और सचिव के खाते से चार लाख रुपये की लागत से कराया गया है। यहां पंचायत सहायक के नियमित बैठने की व्यवस्था रहेगी।
सेंटर पर लोकवाणी केंद्र की तर्ज पर आय, जाति, मूल निवास समेत अन्य प्रमाणपत्रों से जुड़ी सुविधाएं मिलेंगी। डीपीआरओ ने बताया कि सीएससी का मकसद सरकारी सेवाओं को गांव तक पहुंचाना है। इससे ग्रामीणों का समय और पैसा बचेगा तथा उन्हें छोटी-छोटी जरूरतों के लिए तहसील की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।