रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
झारखंड:अभ्यर्थियों को हाईकोर्ट से राहत, 12 सप्ताह में भरने होंगे चौकीदार भर्ती के चार फीसदी आरक्षित पद – Jharkhand High Court Orders Filling 4 Percent Reserved Posts For Disabled Candidates In 12 Weeks
रांची

झारखंड:अभ्यर्थियों को हाईकोर्ट से राहत, 12 सप्ताह में भरने होंगे चौकीदार भर्ती के चार फीसदी आरक्षित पद – Jharkhand High Court Orders Filling 4 Percent Reserved Posts For Disabled Candidates In 12 Weeks

November 27, 2026


झारखंड उच्च न्यायालय ने साहिबगंज जिले में चौकीदार भर्ती के तहत दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित चार प्रतिशत पदों को 12 सप्ताह के भीतर भरने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति दीपक रोशन की एकलपीठ ने फूलचंद मुर्मू और अन्य की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि भर्ती की निर्धारित पात्रता और चयन प्रक्रिया की शर्तें पूरी करने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियुक्ति से वंचित नहीं रखा जा सकता।

315 पदों की भर्ती में आरक्षित थे चार प्रतिशत पद

साहिबगंज जिले में वर्ष 2024 में चौकीदार के कुल 315 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। इसमें दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए चार प्रतिशत पद आरक्षित रखे गए थे। याचिकाकर्ता फूलचंद मुर्मू समेत अन्य पात्र अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया था। उन्होंने लिखित परीक्षा के साथ शारीरिक दक्षता परीक्षा भी उत्तीर्ण कर ली थी। इसके बावजूद जिला प्रशासन ने दिव्यांग श्रेणी के लिए आरक्षित पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया अगले आदेश तक स्थगित कर दी थी। इससे नाराज अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की।

अभ्यर्थियों ने कहा- संवैधानिक अधिकारों से वंचित नहीं रख सकता प्रशासन

याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता शुभम मिश्रा और हर्ष चंद्र ने अदालत में पक्ष रखा। उन्होंने दलील दी कि जब भर्ती विज्ञापन में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए चार प्रतिशत पद आरक्षित किए गए थे और याचिकाकर्ताओं ने निर्धारित परीक्षाएं भी उत्तीर्ण कर ली थीं, तब उन्हें नियुक्ति से वंचित रखना उचित नहीं है। केवल प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया स्थगित करने के आधार पर उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों को नहीं रोका जा सकता। अधिवक्ताओं ने कहा कि दिव्यांग व्यक्तियों को समान अवसर और उचित सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की वैधानिक जिम्मेदारी है। इसके समर्थन में सुप्रीम कोर्ट और झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व फैसलों का भी हवाला दिया गया।

सरकार ने कहा- शारीरिक परीक्षा में छूट का स्पष्ट प्रावधान नहीं

राज्य सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि चौकीदार भर्ती में दिव्यांग अभ्यर्थियों की नियुक्ति और उनकी शारीरिक दक्षता परीक्षा को लेकर कोई विशिष्ट नियम निर्धारित नहीं हैं। इसी वजह से साहिबगंज के उपायुक्त ने राज्य सरकार से मार्गदर्शन मांगा था। सरकार का कहना था कि भर्ती वर्ष 2015 के नियमों के तहत होनी है और उनमें दिव्यांग अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा से छूट देने का स्पष्ट प्रावधान नहीं है। मार्गदर्शन मिलने तक नियुक्ति प्रक्रिया रोक दी गई थी।

हाईकोर्ट ने 12 सप्ताह में नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का दिया आदेश

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायमूर्ति दीपक रोशन की एकलपीठ ने दिव्यांग अभ्यर्थियों के आरक्षित पदों को खाली रखने पर सवाल उठाया। अदालत ने स्पष्ट किया कि निर्धारित पात्रता और चयन की शर्तें पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति से वंचित नहीं किया जा सकता। इसके साथ ही साहिबगंज जिले में चौकीदार भर्ती के तहत दिव्यांगों के लिए आरक्षित चार प्रतिशत पदों को 12 सप्ताह के भीतर भरने का निर्देश दिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X