रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
मेनोपॉज और दवा के बावजूद ब्लीडिंग, 15 को मिसकैरिज; क्या आंसू गैस से बिगड़ी हजारों महिलाओं की सेहत?
नॉलेज

मेनोपॉज और दवा के बावजूद ब्लीडिंग, 15 को मिसकैरिज; क्या आंसू गैस से बिगड़ी हजारों महिलाओं की सेहत?

November 27, 2026


17 अक्टूबर को फ्रांस में देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के दौरान पुलिस ने भीड़ को रोकने के ल‍िए हजारों आंसू गैस के गोले छोड़े थे. आंसू गैस के संपर्क में आने के बाद कई महिलाओं में ब्‍लीड‍िंग की परेशानी सामने आई है. इस दिन फ्रांस की पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर करीब 22 हजार आंसू गैस के गोले दागे. यानी 10 घंटे तक कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान हर तीन सेकंड में लगभग दो गोले छोड़े गए. अब सामाजिक कार्यकर्ताओं और मेड‍िकल र‍िसचरों को नया डर सता रहा है. आंसू गैस के भारी संपर्क में आने से हजारों महिलाओं और कम उम्र की लड़कियों के प्रजनन स्वास्थ्य यानी र‍िप्रोडक्‍ट‍िव हेल्‍थ को तुरंत और लंबे समय तक नुकसान पहुंचा हो सकता है. ‘द गार्जियन’ की र‍िपोर्ट में कुछ लड़‍ियों ने अपने साथ हो रहे बदलावों और परेशान‍ियों पर खुलकर बात की है.

मुझे बहुत ज्‍यादा ब्‍लीड‍िंग होने लगी है: नैमा
‘द गार्जियन’ की र‍िपोर्ट बताती है कि 46 साल की नैमा एक चैरिटी संस्था में काम करती हैं और एंडोमेट्रियोसिस की समस्या से जूझ रही हैं. तीन साल से नैमा डी पिएरो को मुश्किल से पीरियड्स आते थे. नैमा बताती हैं कि करीब 10 दिनों तक उन्हें इतनी ज्यादा ब्लीडिंग हुई कि दिन में कई बार पीरियड्स के दौरान इस्तेमाल होने वाले अंडरवियर बदलने पड़ते थे. इसके बाद खून के थक्के (Blood Clots) आने लगे और पेट में असहनीय ऐंठन होने लगी. इस दर्द की वजह से उनकी नींद भी प्रभावित हुई है. रात में उन्हें दर्द की दवाओं और गर्म पानी की बोतल का सहारा लेना पड़ता है. वह कहती हैं, ‘मैंने जिंदगी में कभी इतनी थकान महसूस नहीं की. मेरे बाल भी झड़ रहे हैं, इसलिए मुझे सिर पर स्कार्फ बांधना पड़ता है.’

शुरू में नहीं समझ आए शरीर के बदलाव
नैमा बताती हैं कि शुरुआत में उन्हें समझ ही नहीं आया कि उनके शरीर में ऐसा क्यों हो रहा है. लेकिन नवंबर की शुरुआत तक फ्रांस में हजारों महिलाएं इसी तरह की परेशानियों की शिकायत करने लगीं. इन महिलाओं ने सितंबर के मध्य से शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान आंसू गैस का सामना किया था. आंसू गैस के संपर्क में आने और महिलाओं की सेहत के बीच संबंध को लेकर वैज्ञानिक रिसर्च अभी बहुत सीमित है. अब तक इस विषय पर जो थोड़ी-बहुत रिसर्च हुई है, उसमें भी ज्यादातर अध्ययन सेना से जुड़े माहौल में स्वस्थ पुरुषों पर किए गए हैं.

फ्रांस में अक्‍टूबर के महीने में व‍िरोध प्रदर्शन हुए थे.

फ्रांस का मामला पहला नहीं है. इससे पहले भी कई जगहों पर आंसू गैस के इस्तेमाल के बाद महिलाओं ने पीरियड्स में बदलाव देखे गए थे. इनमें 2019 में हांगकांग में लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शन, 2020 में अमेरिका में ब्लैक लाइव्स मैटर आंदोलन और 2024-2025 में गाजा और इमिग्रेशन से जुड़े प्रदर्शन शामिल हैं.

9,200 से ज्यादा महिलाओं और लड़कियों ने बताईं परेशानियां
फ्रांस में इस साल विरोध प्रदर्शनों के बाद ‘Lacrymos de Sang’ नाम के एक महिला अधिकार समूह ने इस मामले की जांच शुरू की. यह समूह आंसू गैस के महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित असर को समझने के लिए बनाया गया है. इस समूह ने 9,200 से ज्यादा महिलाओं और लड़कियों के अनुभव जुटाए. इनमें स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाली लड़कियां भी शामिल थीं. इन सभी ने बताया कि वे विरोध प्रदर्शनों के दौरान आंसू गैस के संपर्क में आई थीं. इनमें से 94% महिलाओं और लड़कियों ने गायनेकोलॉजिकल समस्याएं होने की बात कही. इन शिकायतों में गर्भाशय में तेज ऐंठन, सामान्य से बहुत ज्यादा ब्लीडिंग और पीरियड्स का रुक जाना शामिल था. कुछ महिलाओं ने बताया कि दर्द इतना ज्यादा था कि उनके लिए चलना या काम पर जाना भी मुश्किल हो गया था. वहीं, कुछ को कई हफ्तों तक ब्लीडिंग होती रही. एक प्रदर्शनकारी ने ‘द गार्जियन’ को बताया, ‘मुझे जिंदगी में पहले कभी इस तरह ब्लीडिंग नहीं हुई थी.’

दो महिलाओं ने बताया कि ज्यादा खून बहने की वजह से उन्हें एनीमिया (खून की कमी) हो गया और अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. कुछ ऐसी महिलाओं को भी ब्लीडिंग हुई, जिन्हें अब पीरियड्स नहीं आते थे. इनमें मेनोपॉज से गुजर चुकी महिलाएं, हार्मोनल गर्भनिरोधक दवाएं लेने वाली महिलाएं और टेस्टोस्टेरोन का इलाज करा रही महिलाएं शामिल थीं.

आंसू गैस के संपर्क में आने के बाद कुछ महिलाओं का मिसकैरेज
इस महिला अध‍िकार समूह को गर्भावस्था से जुड़े नुकसान की कई शिकायतें भी मिलीं. आंसू गैस के संपर्क में आने की बात कहने वाली 47 गर्भवती महिलाओं में से 15 ने बताया कि उनका मिसकैरेज हो गया. वहीं, 17 महिलाओं ने पेट में संकुचन, दर्द या ब्लीडिंग होने की शिकायत की. इनमें से दो महिलाओं को इमरजेंसी में स्त्री रोग से जुड़ा इलाज कराना पड़ा. एक महिला ने बताया कि वह अपने कुत्ते को घुमाने निकली थीं, तभी आंसू गैस उनके संपर्क में आई. कई मिनट तक गैस उनके चेहरे पर रही. इसके बाद उन्हें बहुत ज्यादा उल्टियां हुईं और तेज ब्लीडिंग होने लगी. सात महीने की गर्भावस्था के बाद उन्‍होंने अपना बच्चा खो दिया.

नवंबर की शुरुआत तक फ्रांस में हजारों महिलाएं इसी तरह की परेशानियों की शिकायत करने लगीं. (Reuters Photo)

20 साल से कम उम्र की लड़कियों पर ज्यादा असर दिखा
रिपोर्ट में सामने आया कि 20 साल से कम उम्र की लड़कियां इस समस्या से ज्यादा प्रभावित हुईं. विरोध प्रदर्शनों में बड़ी संख्या में युवा लड़कियां शामिल थीं. इनमें बड़ी उम्र की महिलाओं के मुकाबले ज्यादा लक्षण देखने को मिले और आंसू गैस के संपर्क में आने के बाद उनमें परेशानियां भी जल्दी शुरू हुईं. इस समूह के साथ जुड़ी न्यूरोएंडोक्राइनोलॉजी की रिसर्चर सोलिन रूजु ने इन महिलाओं के अनुभवों का विश्लेषण किया है.

वह कहती हैं, ‘तनाव की वजह से पीरियड्स का समय आगे-पीछे हो सकता है. वे जल्दी या देर से आ सकते हैं. लेकिन तनाव से उन महिलाओं को भारी ब्लीडिंग नहीं हो सकती, जिनका मेनोपॉज हो चुका है. न ही इससे मिसकैरेज होने की घटनाओं को समझाया जा सकता है.’ समूह की संस्थापक ईवा-लूना थोलांस का कहना है कि अभी यह पता नहीं है कि बार-बार आंसू गैस के संपर्क में आने से महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य पर लंबे समय में क्या असर पड़ सकता है.

आंसू गैस के संपर्क में आने वाली महिलाओं में 20 साल की छात्रा लुइसा मार्टिन भी शामिल थीं. उन्हें पॉलीएंडोक्राइन मेटाबॉलिक ओवेरियन सिंड्रोम (PMOS) नाम की हार्मोन से जुड़ी समस्या है. इस बीमारी की वजह से उन्हें लंबे समय से बहुत कम या कभी-कभी बिल्कुल पीरियड्स नहीं आते थे. वह कहती हैं, ‘शुरुआत में मैं बहुत खुश थी. कई साल तक पीरियड्स नहीं आने या बहुत कम आने के बाद मुझे लगा कि शायद मेरी प्रजनन से जुड़ी सेहत में सुधार हो रहा है.’ लेकिन जब उन्होंने अपनी तीन बहनों से बात की, जो उनके साथ प्रदर्शन में गई थीं, तो पता चला कि उन्हें भी पीरियड्स में इसी तरह के बदलाव महसूस हो रहे हैं. लुइसा इस रिपोर्ट में बताती हैं, ‘हम सभी जानते हैं कि हमारे साथ ऐसा आंसू गैस की वजह से हुआ.’

सड़कों पर आग लगा रहे फ्रांस के स्‍टूडेंट
(फाइल फोटो साभार: रायटर्स)

आंसू गैस में मौजूद केमिकल शरीर को कैसे प्रभावित कर सकता है?
आंसू गैस में आमतौर पर 2-क्लोरोबेंजाइलिडीन मैलोनोनाइट्राइल (CS) नाम का केमिकल इस्तेमाल किया जाता है. यह एक तरह का रासायनिक पदार्थ है, जो आंखों और शरीर में तेज जलन पैदा करता है. इस केमिकल के जहरीले असर को लेकर ज्यादातर रिसर्च 1980 के दशक में हुई थी. ये अध्ययन मुख्य रूप से नर जानवरों पर किए गए थे.

आंसू गैस के संपर्क में आने के बाद पीरियड्स में गड़बड़ी होने के विषय पर अब तक केवल दो वैज्ञानिक अध्ययन प्रकाशित हुए हैं. हालांकि, इनमें से किसी ने भी यह साबित नहीं किया कि आंसू गैस की वजह से ही पीरियड्स में बदलाव होता है. फिर भी शोधकर्ताओं ने कुछ ऐसे संभावित जैविक कारणों की पहचान की है, जिनसे यह केमिकल महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है.

फ्रांस सरकार ने क्या कहा?
फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने 2 नवंबर को संसद की सुनवाई के दौरान बताया कि सरकार ने 2021 और 2022 में आंसू गैस के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर को लेकर अपने अध्ययन कराए थे. उनके मुताबिक, इन अध्ययनों में आंसू गैस के संपर्क में आने से किसी खास तरह के स्वास्थ्य जोखिम का सबूत नहीं मिला. इसलिए सरकार इसका इस्तेमाल बंद नहीं करेगी. हालांकि, सरकार ने अभी तक इन दोनों अध्ययनों को सार्वजनिक नहीं किया है.

इन प्रदर्शनों में इनमें स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाली लड़कियां भी शामिल थीं. (रॉयटर्स)

शोधकर्ताओं ने और रिसर्च की मांग की
महिला अधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर महिलाओं की शिकायतों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. फ्रांस के पुलिस विभाग को आंसू गैस का इस्तेमाल करते समय ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए. रिसर्चर सोलिन रूजु कहती हैं, ‘इस विषय पर वैज्ञानिक रिसर्च की कमी है, लेकिन हजारों लोग एक जैसी परेशानियां बता रहे हैं. इन सभी को लगभग एक जैसे हालात में आंसू गैस के संपर्क में आने के बाद समान समय पर लक्षण महसूस हुए. इस घटना को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. सरकार भीड़ पर बड़े पैमाने पर आंसू गैस का इस्तेमाल कर रही है, जबकि इसके सुरक्षित होने का कोई ठोस सबूत मौजूद नहीं है.’

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X