वायु प्रदूषण वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। अध्ययनों से पता चलता है कि पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे प्रदूषण के सूक्ष्मकण फेफड़ों के जरिए शरीर की गहराई में पहुंचकर हृदय, मस्तिष्क और किडनी तक को प्रभावित करने वाले हो सकते हैं। अगर आप ऐसी जगहों पर रहते हैं जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) अक्सर बढ़ा हुआ रहता है, तो ये स्थिति आपको कई गंभीर बीमारियों का शिकार बना सकती हैं।
आमतौर पर वायु प्रदूषण को फेफड़ों और दिल की बीमारियों से जोड़कर देखा जाता है। लेकिन इसका असर शरीर के दूसरे अंगों पर भी पड़ सकता है। हाल के कई अध्ययनों में प्रदूषण के किडनी हेल्थ पर होने वाले दुष्प्रभावों को लेकर अलर्ट किया जाता रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, चूंकि किडनी शरीर से गंदगी और अपशिष्टों को बाहर निकालती रहती है ऐसे में किडनी में होने वाली किसी भी समस्या का संपूर्ण स्वास्थ्य पर असर हो सकता है।
बढ़ता प्रदूषण कहीं आपकी किडनी के लिए भी तो मुश्किलें नहीं बढ़ाने लगा है?
2 of 4
वायु प्रदूषण का सेहत पर असर
– फोटो : Freepik.com
प्रदूषित हवा किडनी के लिए भी खतरनाक
किडनी खून को फिल्टर करके अपशिष्ट पदार्थों और अतिरिक्त पानी को बाहर निकालने का काम करती है। हालांकि प्रदूषित हवा में मौजूद सूक्ष्म कण और जहरीले रसायन सांस के जरिए रक्त प्रवाह से होते हुए किडनी तक पहुंच सकते हैं। लंबे समय तक प्रदूषित हवा के संपर्क में रहने से किडनी की कार्यक्षमता तो कम होती ही है साथ ही इससे क्रॉनिक किडनी डिजीज का जोखिम भी बढ़ जाता है। इसलिए प्रदूषण से बचाव करना सिर्फ फेफड़ों को स्वस्थ रखने के लिए ही नहीं बल्कि हार्ट और किडनी के लिए भी बहुत जरूरी है।
- हवा में मौजूद पीएम2.5 जैसे बेहद छोटे कण शरीर में प्रवेश कर सकते हैं।
- इनके कारण शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और सूजन बढ़ने की आशंका होती है।
- इससे रक्त वाहिकाओं और किडनी की फिल्टर करने वाली छोटी इकाइयों यानी नेफ्रॉन पर असर पड़ सकता है।
- इसके अलावा प्रदूषण ब्लड प्रेशर और मेटाबॉलिक स्वास्थ्य को प्रभावित करके भी किडनी पर दबाव बढ़ा सकता है।
3 of 4
प्रदूषण से किडनी को खतरा
– फोटो : Adobe Stock
अध्ययनों में क्या पता चला?
कई अध्ययनों और मेटा-एनालिसिस में पाया गया है कि लंबे समय तक पीएम2.5 और पीएम10 के संपर्क में रहना किडनी की कार्यक्षमता में गिरावट और क्रॉनिक किडनी डिजीज के जोखिमों को बढ़ाने वाली हो सकती है।
- सांस के जरिए अंदर जाने वाले प्रदूषण के सूक्ष्म कण इम्यून सिस्टम को एक्टिव कर देते हैं जिससे शरीर में हल्की सूजन हो सकती हैं। इससे समय के साथ किडनी की संरचना को नुकसान पहुंच सकता है और वहां फाइब्रोसिस बन सकते हैं।
- प्रदूषण के सूक्ष्म कणों के संपर्क में आने से रक्त वाहिकाओं के काम करने के तरीके, ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने और किडनी तक होने वाले रक्त प्रवाह में बाधा आ सकती है। इससे किडनी के लिए अपशिष्ट पदार्थों को प्रभावी ढंग से छानना मुश्किल हो जाता है।
- पीएम 2.5 में अक्सर भारी धातुएं जैसे लेड, मरकरी या कैडमियम जैसे विषाक्त पदार्थ मौजूद होते हैं। ये किडनी की कोशिकाओं में जमा हो सकते हैं या उन पर जहरीला असर डाल सकते हैं।
4 of 4
प्रदूषण से बचाव के लिए मास्क
– फोटो : Adobe Stock
किन लोगों को प्रदूषण से ज्यादा खतरा?
वायु प्रदूषण वैसे तो सभी लोगों के लिए खतरनाक है, पर पहले से ही डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर या जिन्हें किडनी की बीमारी है उनमें किडनी की समस्याओं का खतरा ज्यादा देखा जाता रहा है। इन खतरों से बचे रहने के लिए प्रदूषण से बचाव के उपाय जरूरी हैं।
- प्रदूषण ज्यादा होने पर बाहर निकलने से बचें। बाहर जाते समय मास्क इस्तेमाल करें।
- घर में वेंटिलेशन और हवा की गुणवत्ता पर ध्यान दें।
- डायबिटीज और बीपी को कंट्रोल रखें। धूम्रपान से बचें और डॉक्टर की सलाह के बिना किसी भी दवा का सेवन न करें।
————–
स्रोत:
The impact of PM2.5 on kidney
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।