बिहार के गोपालगंज से जुड़े बहुचर्चित पूर्व सांसद और राज्य सरकार के पूर्व मंत्री नगीना राय हत्याकांड में जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम संजीव कुमार सिंह की अदालत ने एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अदालत ने इस मामले में दो अभियुक्तों पूर्व विधायक बच्चा चौबे के पुत्र परमात्मा चौबे और ब्रजभूषण चौबे को दोषी करार दिया है।
फैसला आते ही दोनों को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है, और अब इस मामले में सजा के बिंदु पर आगामी 8 दिसंबर को सुनवाई होगी। वहीं, इसी गांव के रहने वाले एक अन्य आरोपी सत्येंद्र उपाध्याय को अदालत ने संदेह का लाभ देते हुए साकुशल बाइज्जत बरी कर दिया है।यह सनसनीखेज वारदात 10 अप्रैल 1991 को हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपालपुर गांव निवासी और पूर्व मंत्री नगीना राय उस दिन पटना से गोपालगंज को-ऑपरेटिव बैंक में कुछ लोगों से मुलाकात कर अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब छह बजे जब उनकी जीप कुचायकोट थाना क्षेत्र के भोपतिपुर गांव के पास पहुंची, तो सड़क पर गन्ने से लदी एक बैलगाड़ी के कारण उनकी गाड़ी रुक गई। इसी का फायदा उठाकर घात लगाए बैठे 7 से 8 हमलावरों ने उन पर सरेआम ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस गंभीर हमले में नगीना राय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। इस सिलसिले में कुचायकोट थाने में कांड संख्या 40/1991 दर्ज की गई थी।
करीब साढ़े तीन दशकों तक चले इस लंबे कानूनी संघर्ष के दौरान अदालत ने मामले के 35 वर्षों तक लंबित रहने पर गहरी नाराजगी जताई। दोषी ठहराए जाने के बाद दोनों अभियुक्तों के चेहरों पर मायूसी और पश्चाताप के गहरे भाव साफ नजर आ रहे थे, क्योंकि उन्हें इस बात का कड़वा अहसास हो गया था कि जवानी के दिनों में की गई इस घटना के अंजाम भुगतने की बारी अब बुढ़ापे में आ पड़ी है।
ये भी पढ़ें- बिहार: पुलिस की सुरक्षा में सेंध! नाबालिग के अपहरण का आरोपी कोर्ट से फरार, हथकड़ी सरकाकर पुलिस को दिया चकमा
इस बहुचर्चित मुकदमे में अभियोजन पक्ष की तरफ से एपीपी धर्मदेव सिंह और अधिवक्ता वेद प्रकाश तिवारी ने अदालत के समक्ष बेहद पुख्ता साक्ष्य और सबूत पेश किए, जबकि बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता अनिल कुमार दुबे ने अपना पक्ष रखा। अब सभी की निगाहें 8 दिसंबर पर टिकी हैं, जब अदालत इस हत्याकांड में दोषियों की सजा का ऐलान करेगी।