Chitrakoot News:ग्रामीण बैंक में 50 लाख की ठगी, दो माह बाद भी जांच अधर में – Rs 50 Lakh Fraud At Rural Bank; Investigation Remains In Limbo Even After Two Months
मऊ (चित्रकूट)। उप्र ग्रामीण बैंक की मऊ शाखा में करीब 50 लाख की ठगी का मामला दो माह बाद भी अनसुलझा है। प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद पुलिस की जांच बैंक से लेनदेन का पूरा ब्योरा नहीं मिलने के कारण आगे नहीं बढ़ पा रही है।
बैंक के बीसी केंद्र से जुड़े धवाड़ा निवासी राममनोहर ने लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर बाबूजी, मनीता, राकेश, अनिल सहित करीब 42 लोगों के खाते खुलवाए थे। इसके बाद आधार कार्ड के जरिये नई सिम निकलवाकर अपने पास रख ली और उन्हीं सिम के माध्यम से खातों में रुपये मंगाकर निकाल लिए।
23 सितंबर को मामला सामने आने पर बाबूजी और मनीता देवी की तहरीर पर मुख्य आरोपी राममनोहर और विनय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच में 23 खातों में संदिग्ध लेनदेन की पुष्टि हुई। इनमें करीब 50 लाख रुपये का लेनदेन हुआ था।
बैंक ने सभी संबंधित खातों को फ्रीज कर दिया, लेकिन रकम कहां से आई और किन माध्यमों से निकाली गई, इसकी जानकारी के लिए मुंबई कार्यालय को पत्र भेजा गया है। दो माह बीतने के बाद भी बैंक को पूरा ब्योरा नहीं मिला है। इससे पुलिस की जांच प्रभावित हो रही है।
सभी खातों में हुए लेनदेन की जानकारी मांगी गई थी। अभी तक सभी खातों का ब्योरा नहीं मिला है। जानकारी प्राप्त होते ही पुलिस को उपलब्ध करा दी जाएगी।
– शरद कुमार वर्मा, शाखा प्रबंधक।
करीब 50 फीसदी जांच पूरी हो चुकी है। बैंक से पूरी डिटेल नहीं मिलने के कारण जांच आगे नहीं बढ़ पा रही है। जानकारी मिलते ही जांच पूरी कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
– राजेश प्रताप सिंह, थाना प्रभारी।
