Yamuna Nagar News:सड़कों का अंधेरा दूर नहीं कर सके अफसर, सुरक्षा के बंदोबस्त अधूरे – Officials Failed To Dispel The Darkness On The Roads; Security Arrangements Remain Inadequate
जगाधरी। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर अधिकारी दावे तो बड़े-बड़े कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर काम बिल्कुल भी हो रहा है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शहर से निकलने वाली सड़कों का अधिकारी अंधेरा तक नहीं दूर कर पा रहे हैं।
दो दिन पहले सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कार्यों की समीक्षा की गई, लेकिन नतीजा शून्य निकला। प्रशासनिक अधिकारी विभागों के जवाब व तर्कों से असंतुष्ट दिखे। बैठक में अधिकारियों को जो कार्य करने के निर्देश दिए गए थे, वह जमीनी स्तर की जांच के बाद दिए गए हैं।
ऐसे में यह मामला फिर वहीं आकर रुक गया है, जहां से शुरू हुआ था। अधिकारियों के इस मूव को लोग भी अनावश्यक बना बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि विभाग के पास ब्लैक स्पॉट, संभावित क्षेत्र, जाम वाले स्थान सभी की जानकारी है तो वहां पर सिर्फ काम करने की बात होनी चाहिए। प्रशासनिक अधिकारी पहले भी यह रियल्टी चेक कर चुके हैं।
लोगों का कहना है कि अब तक सड़कों पर बंदोबस्त पूरे हो जाने चाहिए।
तीन ब्लैक स्पॉट पर 88 हादसों में 47 मौत
महाराणा प्रताप चौक से विश्वकर्मा चौक, जगाधरी रेस्ट हाउस से खेड़ा पावर हाउस और होटल स्फायर से समता योग आश्रम मार्ग कई वर्षों से ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित हैं। वर्ष 2022 से 2024 के बीच इन तीनों स्थानों पर 88 सड़क हादसे हुए, जिनमें 47 लोगों की जान चली गई। इनमें महाराणा प्रताप चौक से विश्वकर्मा चौक के बीच सबसे अधिक 51 हादसे हुए और 27 लोगों की मौत हुई।
लोगों से मिलेगा समाधान
सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं शिक्षाविद् गोबिंद सिंह भाटिया ने कहा कि यदि अधिकारी सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था के बंदोबस्त की हकीकत जांचने जाते हैं तो उन्हें लोगों से बात करनी चाहिए। मौके पर सामान्य राहगीरों से बात करें तो अधिकारियों को वहां की वास्तविक स्थिति का पता चल जाएगा। इसके बाद वे अपने स्तर पर काम करें।
शहर में नहीं इंतजाम
शहर वासी ललित शर्मा ने बताया कि महाराजा अग्रसेन चौक से पांवटा जगाधरी नेशनल हाईवे पर यातायात का भारी दबाव रहता है। दोनों तरफ रिहायशी क्षेत्र और बाजार हैं। रोजाना हजारों लोगों का यहां से गुजरना होता है, लेकिन यहां व्यवस्था नहीं है। नवंबर में यहां तीन हादसों में चार लोगों की जान चली गई थी।
सभी अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के बंदोबस्त करने के आदेश दिए गए हैं। यह सभी कार्य धुंध पड़ने से पहले पूरे करने होंगे। इसकी समीक्षा के साथ रियल्टी चेक लिए अधिकारी मौके पर जाएंगे। इसमें किसी प्रकार की कोताही बरती नहीं जाएगी। -प्रीति, उपायुक्त यमुनानगर।

अंधेरे में डूबा जगाधरी पांवटा नेशनल हाईवे। संवाद
