Mahoba News:चयनित किसान तीन दिन में लें अनुदानित बीज, वरना कट सकता है नाम – Selected Farmers Should Collect Subsidized Seeds Within Three Days; Otherwise, Their Names May Be Removed
महोबा। रबी की बोआई के लिए अनुदानित व मिनी किट बीज की चयन सूची में शामिल किसान शनिवार तक संबंधित विकासखंड के राजकीय कृषि बीज भंडार से बीज ले सकते हैं। इसके बाद किसान का नाम चयन सूची से हटाया जा सकता है।
जिला कृषि अधिकारी प्रेमचंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि कबरई, चरखारी, कुलपहाड़, जैतपुर और पनवाड़ी स्थित राजकीय कृषि बीज भंडारों से चना, गेहूं, मटर, मसूर और सरसों के अनुदानित व मिनी किट बीज का वितरण किया जा रहा है। किसानों ने इस बार 4,703 क्विंटल गेहूं, 13,788 क्विंटल चना, 1,115 क्विंटल मटर, 525 क्विंटल मसूर और 13 क्विंटल सरसों के बीज की बुकिंग कराई है। चयनित किसान संबंधित केंद्र पर संपर्क कर तत्काल बीज प्राप्त करें।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि राजकीय कृषि बीज भंडार से प्राप्त बीज की बोआई करने पर गेहूं की पैदावार में प्रति हेक्टेयर तीन से चार क्विंटल तक बढ़ सकती है।
