Mirzapur News:डीएपी और यूरिया का संकट, बाजार से खरीदने के लिए किसान मजबूर – Dap And Urea Crisis Forces Farmers To Buy Them From The Market
मिर्जापुर। रबी की बोआई के समय में जिले की कई सहकारी समितियों पर डीएपी और यूरिया की किल्लत से किसान परेशान हैं। समितियों में खाद का पर्याप्त स्टॉक नहीं होने और सर्वर की तकनीकी समस्या के चलते वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ऐसे में किसानों को मजबूरी में बाजार से महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है। जिले में 93 सहकारी समितियां हैं, लेकिन सभी जगह खाद की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हो पा रही है।
शेरवां क्षेत्र की चौकियां, ओड़ी और जमालपुर सहकारी समितियों पर डीएपी उपलब्ध नहीं होने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस समय गेहूं, जौ, चना, मटर, सरसों, मसूर और आलू की बोआई का काम चल रहा है। ऐसे में समय पर खाद नहीं मिलने से फसलों की बुवाई प्रभावित होने की आशंका है।
किसानों का आरोप है कि सरकारी दर पर 1350 रुपये प्रति बोरी मिलने वाली डीएपी बाजार में 1400 रुपये में खरीदनी पड़ रही है। इसी तरह 266 रुपये की यूरिया की बोरी के लिए 300 रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं। इससे खेती की लागत बढ़ रही है।
प्रगतिशील किसान वंशीधर चतुर्वेदी, गोपाल सिंह पटेल और रमेश सिंह पटेल ने बताया कि समितियों पर खाद नहीं मिलने के कारण उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
समिति सचिवों का कहना है कि खाद की मांग मुख्यालय भेज दी गई है। आपूर्ति होते ही वितरण शुरू करा दिया जाएगा।
उधर, अहरौरा सहकारी समिति पर शुक्रवार को डीएपी की 400 बोरियां पहुंचीं, जबकि यूरिया का स्टॉक अभी उपलब्ध नहीं है। अदलहाट क्षेत्र में सर्वर फेल होने से डीएपी और यूरिया का वितरण बाधित रहा। एडीओ सी राहुल मौर्य ने कहा कि सर्वर चालू होते ही खाद वितरण शुरू करा दिया जाएगा।
