रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ballia News:फेफना खेल महोत्सव में चितबड़ागांव ने चार रन से जीता सीनियर क्रिकेट का खिताब – Chitbaragaon Won The Senior Cricket Title By Four Runs At The Phephana Sports Festival
बलिया

Ballia News:फेफना खेल महोत्सव में चितबड़ागांव ने चार रन से जीता सीनियर क्रिकेट का खिताब – Chitbaragaon Won The Senior Cricket Title By Four Runs At The Phephana Sports Festival

November 27, 2026


नरही। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘जननायक चंद्रशेखर फेफना खेल महोत्सव’ में शुक्रवार को खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में दमखम दिखाया। सीनियर बालक क्रिकेट के रोमांचक फाइनल में चितबड़ागांव ने सुरापाली को चार रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, सब जूनियर बालक कबड्डी के फाइनल में नरही ने राधिका इंटरनेशनल स्कूल को 31-15 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

नरही खेल मैदान पर आयोजित प्रतियोगिताओं में बिहार भाजपा के उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव उपाध्याय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सीनियर बालक क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया।

आयोजक पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी ने बताया कि कबड्डी प्रतियोगिता में नरही का दबदबा रहा। जूनियर बालिका वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में नरही ने राधिका पब्लिक स्कूल को 29-11 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। सब जूनियर बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में नरही ने कोटवां को 16-5 और दूसरे सेमीफाइनल में राधिका इंटरनेशनल स्कूल ने निहालपुर को 16-13 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में नरही ने राधिका इंटरनेशनल स्कूल को 31-15 से शिकस्त दी।

लंबी कूद में इन खिलाड़ियों ने जीते पदक

एथलेटिक्स की लंबी कूद प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सीनियर बालक वर्ग में अजय राय प्रथम, सतीश चौहान द्वितीय और अर्जुन यादव तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर बालक वर्ग में चंदन कुमार ने स्वर्ण, करन ने रजत और आदित्य राजभर ने कांस्य पदक जीता। सब जूनियर बालिका वर्ग में सुषमा प्रथम, इशिका द्वितीय और अनामिका तृतीय रहीं। जूनियर बालिका वर्ग में गौरी ने स्वर्ण, अदिति खरवार ने रजत और दिव्या खरवार ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, सीनियर बालिका वर्ग में सगरपाली की बबली राय प्रथम, अंशु द्वितीय और लक्ष्मी तृतीय स्थान पर रहीं।

गोला प्रक्षेप प्रतियोगिता के सीनियर बालक वर्ग में हर्ष राय ने प्रथम, आर्यन ने द्वितीय और आशीष कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालक वर्ग में प्रीतम सिंह प्रथम, आदित्य राजभर द्वितीय और गोविंद तृतीय रहे। जूनियर बालिका वर्ग में रंजना यादव ने पहला, सुषमा राजभर ने दूसरा और अदिति खरवार ने तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिताओं में पवन कुमार राय, शशि प्रकाश राय, सच्चिदानंद राय, अजय राज सिंह, मोहम्मद गयासुद्दीन आदि ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस अवसर पर क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव, भरत राय, अंजनी राय, सर्वानंद तिवारी, प्रशांत राय बंटी आदि रहे। आयोजक पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी ने अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। संचालन जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव नीरज राय ने किया। शनिवार को वॉलीबॉल के साथ जूनियर क्रिकेट, कबड्डी और रस्साकशी के मुकाबले खेले जाएंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X