Kangra News:किराये के कमरे से 28.65 ग्राम चिट्टा बरामद, दो गिरफ्तार – 28.65 Grams Of ‘chitta’ (synthetic Drug) Seized From A Rented Room; Two Arrested
कांगड़ा के लोहना में पुलिस ने गुप्त सूचना पर दी दबिश, दोनों आरोपी पंजाब के रहने वाले
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जिला कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पालमपुर के लोहना क्षेत्र में दो युवकों को 28.65 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं और लोहना में किराये के कमरे में रह रहे थे।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस थाना पालमपुर की टीम को देर रात लोहना क्षेत्र के एक किराये के कमरे में नशे की गतिविधियां होने की गुप्त सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कमरे में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां मौजूद दो युवकों के कब्जे से 28.65 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय जोश निवासी धारीवाल, जिला गुरदासपुर और 18 वर्षीय राजवीर निवासी अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना पालमपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चिट्टे की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लाए थे और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इसके अलावा क्षेत्र में नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
एसपी ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
