रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सीहोर:कांग्रेस के 55 साल पर भारी पड़े ढाई साल! सीएम मोहन यादव का दावा- 60 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा सिंचाई रकबा – Sehore: Cm Mohan Yadav Launches ₹536-crore Seep-amber Project, Targets Congress Over Irrigation
सीहोर

सीहोर:कांग्रेस के 55 साल पर भारी पड़े ढाई साल! सीएम मोहन यादव का दावा- 60 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा सिंचाई रकबा – Sehore: Cm Mohan Yadav Launches ₹536-crore Seep-amber Project, Targets Congress Over Irrigation

November 28, 2026


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भैरूंदा की धरती से विकास और सिंचाई के मुद्दे पर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। 536.23 करोड़ रुपये की सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के फेज-1 और फेज-2 का लोकार्पण करते हुए उन्होंने इसे किसानों की जिंदगी बदलने वाला कदम बताया। परियोजना से भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के शासनकाल पर तीखा हमला बोलते हुए सिंचाई के आंकड़ों को अपनी सरकार की उपलब्धियों के रूप में पेश किया। साथ ही 41.44 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर क्षेत्र को विकास की नई सौगात दी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भैरूंदा पहुंचने पर हेलीपेड पर विधायक सुदेश राय ने उनकी अगवानी की और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां आयोजित समारोह में रिमोट का बटन दबाकर सीप-अंबर सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना के दोनों चरणों का लोकार्पण किया। 536.23 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह परियोजना क्षेत्र की कृषि व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

76 गांवों के किसानों को मिलेगा सिंचाई का पानी

सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के माध्यम से भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। लंबे समय से सिंचाई के लिए पानी की उम्मीद लगाए बैठे किसानों के लिए यह परियोजना बड़ी राहत लेकर आई है। इसका उद्देश्य खेतों तक पानी पहुंचाकर कृषि उत्पादन बढ़ाना और किसानों को बारिश पर निर्भरता से राहत दिलाना है।

ये भी पढ़ें- भूतों के दावे वाली पोस्ट पर सुर्खियों में आईं अपर कलेक्टर लक्ष्मी, आज लिखा-शुद्ध हास्य भी समझ नहीं आता

शिवराज सिंह चौहान वर्चुअली जुड़े, मंत्रियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की और संबोधन दिया। इस दौरान विधायक रमाकांत भार्गव के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पुष्पगुच्छ भेंट कराकर स्वागत भी कराया गया। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, जिला प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

सीएम बोले- सूखे खेत में पानी पहुंचते ही फसल सोने जैसी हो जाती है

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि मां नर्मदा आज अपने बेटे-बेटियों यानी किसानों के गांव और खेतों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने नर्मदा महारानी की जय का जयघोष कराते हुए बुधनी क्षेत्र की जनता को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से आते हैं और खेती की वास्तविक चुनौतियों को समझते हैं। जिस सूखे खेत में पानी पहुंच जाता है, वहां की फसल सोने जैसी हो जाती है। सरकार का संकल्प किसानों की जिंदगी बदलना और उनकी आय में लगातार वृद्धि करना है।

55 साल बनाम ढाई साल के आंकड़े गिनाकर कांग्रेस को घेरा

मुख्यमंत्री ने सिंचाई और बिजली के मुद्दे पर कांग्रेस को सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 55 साल तक शासन किया, लेकिन प्रदेश में सिंचाई का रकबा महज साढ़े सात लाख हेक्टेयर तक ही पहुंच पाया। इसके बाद उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में सिंचाई का रकबा बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर हुआ। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने ढाई साल में इसे बढ़ाकर 60 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा दिया है। बिजली व्यवस्था पर भी विपक्ष को घेरते हुए उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में किसानों को दिन में भी बिजली मिल रही है, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में रात में भी बिजली की उपलब्धता मुश्किल थी। मुख्यमंत्री के इस बयान ने कार्यक्रम को विकास के साथ राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मंच भी बना दिया।

फेज-1 में 47 गांवों की 15,284 हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित

परियोजना के पहले चरण का निर्माण 346.12 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इसके तहत 16.57 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। इससे 47 गांवों की 15,284 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई का पानी उपलब्ध होगा। इस चरण का निर्माण रीवा की मेसर्स विजय कुमार मिश्रा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड ने किया है।

फेज-2 पर खर्च हुए 190.11 करोड़, 29 गांवों को मिलेगा लाभ

दूसरे चरण का निर्माण 190.11 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इसके तहत 24.09 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। इस चरण से 29 गांवों की 14,807 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी। इसका निर्माण अहमदाबाद की एलसीसी प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने किया है। दोनों चरणों को मिलाकर 76 गांवों की कुल 30,091 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।

41.44 करोड़ के विकास कार्यों की भी सौगात

मुख्यमंत्री ने सिंचाई परियोजना के लोकार्पण के साथ भैरूंदा विकासखंड के लिए 41.44 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

भैरूंदा में CM मोहन यादव का बड़ा सियासी दांव, 536 करोड़ की सिंचाई परियोजना से कांग्रेस पर साधा

सीएम ने हल उठाकर किसानों का अभिवादन किया। 

भैरूंदा में CM मोहन यादव का बड़ा सियासी दांव, 536 करोड़ की सिंचाई परियोजना से कांग्रेस पर साधा

सीएम ने किसानों पर फूल भी बरसाए। 

भैरूंदा में CM मोहन यादव का बड़ा सियासी दांव, 536 करोड़ की सिंचाई परियोजना से कांग्रेस पर साधा

विकास कार्यों का लोकार्पण करते सीएम मोहन यादव।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X