Mirzapur News:70 साल पुरानी बस्ती के लोगों को मिला आठ फीट का रास्ता – Residents Of A 70-year-old Settlement Get An Eight-foot-wide Path
मड़िहान। तहसील क्षेत्र के राजापुर ग्राम पंचायत के बलुअहवा गांव में रास्ते का विवाद शुक्रवार को सुलझ गया। उपजिलाधिकारी मड़िहान संतोष कुमार ओझा के निर्देश पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर भूस्वामी से बातचीत की और आठ फीट रास्ता छोड़ने पर सहमति बनवाई।
बुधवार को ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम का घेराव कर रास्ता खुलवाने की मांग करते हुए पत्रक सौंपा था। बृहस्पतिवार को राजस्व टीम के मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज महिलाएं और पुरुष पुरानी सड़क पर धरने पर बैठ गए थे।
इस मामले को बृहस्पतिवार और शुक्रवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। खबर का संज्ञान लेकर राजस्व विभाग ने निस्तारण की पहल की।
शुक्रवार को क्षेत्रीय लेखपाल सोनू कुमार, जयप्रकाश भारतीय और राजस्व निरीक्षक हरिदास गांव पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद भूस्वामी और ग्रामीणों के बीच सहमति बनी।
ग्राम प्रधान मोती यादव और बस्ती के लोगों की मौजूदगी में सहमति पत्र तैयार किया गया। इसमें भूस्वामी ने आवागमन के लिए आठ फीट रास्ता छोड़ने पर सहमति जताई। अगल-बगल बोई गई फसलों की सुरक्षा के लिए बाड़ लगाने की शर्त भी रखी गई। बाड़ तोड़कर फसल को नुकसान पहुंचाने पर उसकी जिम्मेदारी और भरपाई ग्राम प्रधान मोती यादव की होगी।
रास्ता मिलने से करीब 70 वर्षों से बसी बस्ती के लोगों को आवागमन की सुविधा मिल गई। अब बच्चों को स्कूल जाने, बीमारों को उपचार के लिए ले जाने और मजदूरों को काम पर जाने में सहूलियत होगी।
ग्रामीणों ने रास्ता मिलने पर खुशी जताते हुए धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान संतोष राव, काशी, राकेश कुमार, बिजेंद्र कुमार, वासुदेव, रामनरेश, राजू, रामू, लालू, नंदलाल और पवन समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
