Gonda News:मुख्यमंत्री के मंच पर पहुंचते ही जोश से भर उठे युवा – The Youth Were Filled With Enthusiasm The Moment The Chief Minister Arrived On The Stage
गोंडा। शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज का पंडाल शुक्रवार को युवाओं के जोश से गूंज उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंच पर पहुंचते ही योगी-योगी और श्रीराम के जयकारों से माहौल उत्साह से भर गया। छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने करीब 40 मिनट के भाषण में युवाओं को 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प से जोड़ा। साथ ही प्रदेश में बदली कानून-व्यवस्था, औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसरों का जिक्र कर यूपी मॉडल की तस्वीर पेश की। उनके संबोधन में विकास के साथ राष्ट्रवाद और सख्त कानून-व्यवस्था का संदेश भी प्रमुखता से रहा।
मुख्यमंत्री दोपहर 01:06 बजे मंच पर पहुंचे। विदेश राज्यमंत्री एवं गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया। उन्होंने अपने देसी अंदाज में मुख्यमंत्री के कार्यों की सराहना करते हुए युवाओं से टैबलेट का सदुपयोग कर जीवन संवारने की अपील की। कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कार और आचरण भी बेहतर बनाने होंगे, तभी विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा। कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह ने भी मुख्यमंत्री का आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने देवीपाटन मंडल से अपने जुड़ाव का जिक्र किया। उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया कि अब उत्तर प्रदेश के नौजवानों के सामने पहचान का संकट नहीं है। संबोधन के दौरान फिल्मी संवादों और सरकार की सख्त नीतियों का जिक्र कर युवाओं में जोश भरते रहे। छात्र-छात्राओं से अलग-अलग हाथ उठवाकर नारे भी लगवाए। दोपहर 01:46 बजे भाषण समाप्त होने के बाद उन्होंने युवाओं के साथ सेल्फी भी ली।
अमिताभ बच्चन का संवाद सुनाया
मुख्यमंत्री ने टैबलेट को चलता-फिरता विश्वविद्यालय बताते हुए कहा कि इसमें तमाम पाठ्यक्रम और सुविधाएं उपलब्ध हैं। फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन का मशहूर संवाद ”जहां खड़े होते हैं, लाइन वहीं से शुरू होती है” सुनाकर युवाओं में उत्साह भर दिया। उन्होंने युवाओं से टैबलेट को महज उपकरण न मानकर ज्ञान अर्जित करने और भविष्य संवारने का माध्यम बनाने की अपील की।
महिलाएं रात में भी सुरक्षित कर रहीं काम
मुख्यमंत्री ने नोएडा के विकास का जिक्र कर पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा। कहा कि पहले नोएडा की स्थिति खराब थी लेकिन अब यह उद्योगों और नामचीन कंपनियों की पहली पसंद बन रहा है। एचसीएल का उदाहरण देते हुए बताया कि 100 कर्मचारियों वाली कंपनी में अब 18 हजार कर्मचारी काम कर रहे हैं और तीन शिफ्टों में काम होता है। महिलाएं भी रात में सुरक्षित काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों पर बुरी नजर डालने वालों के लिए जेल या जहन्नुम में ही जगह होगी।
कट्टा-बम से ब्रह्मोस तक का सफर
मुख्यमंत्री ने रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश की बदली तस्वीर पेश करते हुए कहा कि पहले की सरकारों में कट्टा और बम बनते थे, जबकि अब उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस जैसी मिसाइलें बन रही हैं। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा ताकत बढ़ने से पाकिस्तान बाप-बाप चिल्लाता है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आत्मनिर्भर भारत, आधुनिक तकनीक और राष्ट्र के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उत्साहित विद्यार्थी व सेल्फी लेते सीएम। संवाद

कार्यक्रम में उत्साहित विद्यार्थी व सेल्फी लेते सीएम। संवाद
