Gurugram News:जूतों की जगह भेजा बेकार सामान, कंपनी पर कार्रवाई – Useless Items Sent Instead Of Shoes; Action Taken Against Company
– शिकायतकर्ता ने वीडियो और बिल से साबित किया अपना पक्ष, आयोग ने फ्लिपकार्ट पर लगाया मुआवजे का भार
– नंबर गेम – 5495 रुपये नौ प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ लौटाने के आदेश
जिला उपभोक्ता आयोग-
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान नाइकी के जूतों का ऑर्डर देने वाले ग्राहक को पार्सल में बेकार सामान भेजना फ्लिपकार्ट को भारी पड़ गया। ग्राहक ने इसकी शिकायत की तो कंपनी ने समस्या का समाधान करने के बजाय उसका अकाउंट ही ब्लॉक कर दिया। अब जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने फ्लिपकार्ट को जूतों की कीमत ब्याज सहित लौटाने के साथ 15 हजार रुपये मुआवजा और 11 हजार रुपये कानूनी खर्च के रूप में देने का आदेश दिया है। यह फैसला आयोग के अध्यक्ष संजीव जिंदल ने सुनाया।
राजेंद्र पार्क निवासी साहिल श्रेष्ठ ने आयोग में शिकायत देकर बताया कि उन्होंने छह सितंबर 2021 को फ्लिपकार्ट से नाइकी वेंचर रनर जूते ऑर्डर किए थे। इसके लिए ऑनलाइन 5495 रुपये का भुगतान किया था। सात सितंबर को पार्सल मिलने पर उसे खोला तो उसमें जूतों के बजाय बेकार सामान मिला। शिकायतकर्ता ने पार्सल खोलने की पूरी प्रक्रिया का वीडियो भी रिकॉर्ड किया था। इसके बाद उन्होंने फ्लिपकार्ट के कस्टमर केयर पर शिकायत की, लेकिन कंपनी ने उनका अकाउंट ब्लॉक कर दिया। शिकायतकर्ता ने 18 और 27 सितंबर 2021 को कंपनी को कानूनी नोटिस भी भेजे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
पार्सल की ट्रैकिंग से जुड़े दस्तावेज पेश किए-
सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता ने टैक्स इनवॉइस, अनबॉक्सिंग वीडियो की पेनड्राइव, धारा 65बी का प्रमाणपत्र, कानूनी नोटिस और पार्सल की ट्रैकिंग से जुड़े दस्तावेज पेश किए। वहीं, फ्लिपकार्ट की ओर से बचाव में कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया। आयोग ने साक्ष्यों के आधार पर कंपनी को सेवा में कमी का दोषी माना। आदेश के अनुसार फ्लिपकार्ट को 5495 रुपये छह सितंबर 2021 से भुगतान तक नौ प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ लौटाने होंगे। इसके अलावा मानसिक परेशानी के लिए 15 हजार रुपये मुआवजा और कानूनी खर्च के लिए 11 हजार रुपये देने होंगे।
