Champawat News:कुमाऊं के किसानों की मेहनत को कश्मीरी मिर्च से मिला नया रंग – The Hard Work Of Farmers In Kumaon Has Taken On A New Hue, Thanks To Kashmiri Chillies
चंपावत। कुमाऊं के खेतों में अब कश्मीर की लाल देगी मिर्च नई उम्मीद जगा रही है। चंपावत जिले के दूधपोखरा में आधा नाली भूमि पर किए गए प्रयोग में अच्छी पैदावार हुई है। स्थानीय मिर्च के मुकाबले इसकी कीमत आठ गुना तक है। उत्साहित किसान अब बड़े क्षेत्र में इसकी खेती की तैयारी कर रहे हैं।
इसकी खेती की शुरुआत करने वाले प्रगतिशील किसान कमल गिरी ने बताया कि जानकारी के अभाव और सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण इस बार सीमित क्षेत्र में ही मिर्च की खेती की गई। इसके बावजूद पौधों में अच्छी पैदावार हुई है। मिर्च का आकार और वजन भी बेहतर है। बाजार में कश्मीरी मिर्च की कीमत करीब 800 रुपये प्रति किलो बताई जा रही है जबकि स्थानीय मिर्च लगभग 100 रुपये प्रति किलो बिकती है। इस लिहाज से कश्मीरी मिर्च किसानों के लिए बेहतर आमदनी का विकल्प बन सकती है।
उन्होंने बताया कि अगले सीजन में बड़े क्षेत्र में इसकी खेती करने की तैयारी है। इसके लिए बीज भी स्वयं तैयार किए जाएंगे। कमल गिरी को उम्मीद है कि आने वाले समय में यह फसल चंपावत के किसानों की आय बढ़ाने में मददगार साबित होगी।
तड़के का स्वाद और खुशबू बढ़ाती है कश्मीरी मिर्च
मास्टर शेफ पिंकू सौन के अनुसार कश्मीरी मिर्च गर्म तेल या घी में डालते ही भुनी हुई खुशबू छोड़ती है। इसका इस्तेमाल तंदूरी और ग्रेवी वाले व्यंजनों का स्वाद बढ़ाने में किया जाता है। इसमें कैरोटीनॉयड जैसे प्राकृतिक एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। इसका तीखापन हल्का होता है। इसमें सूजन-रोधी गुण भी बताए जाते हैं और यह पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है।
प्रगतिशील काश्तकार कमल गिरि खेती में कुछ नया प्रयोग करते रहते हैं। पहले उन्होंने बैंगनी आलू की खेती शुरू नई शुरुआत की थी। अब वह कश्मीरी मिर्च का उत्पादन की तैयारी में हैं। विभाग कश्मीरी मिर्च के उत्पादन के लिए उनकी हर संभव मदद करेगा। -योगेश भट्ट, जिला उद्यान अधिकारी, चंपावत
