Sambhal News:किशोरी से दुष्कर्म में दोषी को 20 साल की सजा – 20-year Sentence For Man Convicted Of Raping A Teenage Girl
चंदौसी। थाना गुन्नौर क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म और अपहरण के मामले में न्यायालय ने दोषी पुनीत को 20 वर्ष के कठोर कारावास और 58000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। यह फैसला विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट)/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अवधेश कुमार सिंह के न्यायालय ने सुनाया।
पीड़िता के पिता ने चार जनवरी 2020 को थाना गुन्नौर में एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दो जनवरी 2020 की रात उनकी बेटी को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया। बेटी घर से 45,000 रुपये और सोने के तीन आभूषण भी साथ ले गई थी। तीन जनवरी को बेटी ने फोन पर बताया कि पुनीत उसे जबरदस्ती दिल्ली ले आया है।
बेटी कक्षा पांच की छात्रा थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की और लड़की को ढूंढकर परिजनों को सौंपा। लड़की का मेडिकल परीक्षण कराया गया और अदालत में बयान दर्ज किए गए। विवेचना के बाद पुलिस ने पुनीत के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया। अभियोजन पक्ष से एडीजीसी आदित्य कुमार सिंह ने साक्ष्य पेश किए।
