रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Budaun News:गंगा एक्सप्रेसवे के स्पीडो मीटर कैमरे एनआईसी से जुड़े, अभी चेतावनी…दिसंबर से कटेंगे चालान – Ganga Expressway Speed-monitoring Cameras Linked To Nic; Warnings Issued For Now-fines To Be Imposed Starting In December
बदायूं

Budaun News:गंगा एक्सप्रेसवे के स्पीडो मीटर कैमरे एनआईसी से जुड़े, अभी चेतावनी…दिसंबर से कटेंगे चालान – Ganga Expressway Speed-monitoring Cameras Linked To Nic; Warnings Issued For Now-fines To Be Imposed Starting In December

November 28, 2026


बदायूं। अनियंत्रित गति पर अंकुश लगाने और दुर्घटनाओं को कम करने के लिए गंगा एक्सप्रेसवे के स्पीडो मीटर कैमरे अब एनआईसी (नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर) बदायूं से जोड़ दिए गए हैं। तीन दिन से ट्रायल चल रहा है। इस दौरान निर्धारित गति सीमा से अधिक दौड़ रहे वाहनों के संबंध में उनके मालिकों को ऑनलाइन मैसेज कर चेतावनी दी जा रही है। ऑनलाइन ई-चालान करने की प्रक्रिया दिसंबर के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएगी।

आगरा-नोएडा एक्सप्रेसवे की तर्ज पर गंगा एक्सप्रेसवे पर भी स्पीडोमीटर कैमरे लगाए गए हैं। गंगा एक्सप्रेसवे की सुरक्षा विंग के अधिकारियों ने बताया कि मेरठ से लेकर बदायूं तक पांच स्थानों पर स्पीडो मीटर कैमरे लगाए गए हैं। ज्यादा फॉग होने पर वाहन चालकों को मैसेज के जरिये अलर्ट करने की भी व्यवस्था की गई है। बताया कि बदायूं जिले में होने वाला चालान शाहजहांपुर में जुड़ेगा या बदायूं में अभी इसका ट्रायल रन जारी है। यहां खास यह है कि चालान का भुगतान वाहन स्वामी को अगले टोल प्लाजा या फिर संबंधित जिले के ट्रैफिक पुलिस कार्यालय में जाकर करना होगा।

अधिकारियों ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर 15 नवंबर से 15 फरवरी 2027 तक एम-1 श्रेणी के वाहनों की अधिकतम गति सीमा दिन में 80 और रात में 60 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। एम-2 और एम-3 श्रेणी के वाहनों के लिए यह सीमा दिन में 60 और रात में 50 किलोमीटर प्रति घंटा और मालवाहक वाहनों को दिन में अधिकतम 50 और रात में 40 किलोमीटर प्रति घंटा है। (संवाद)

गंगा एक्सप्रेसवे पर लगे स्पीडो मीटर कैमरे जिलों की एनआईसी से कनेक्ट कर दिए गए हैं। तीन दिन से कैमरों का ट्रायल रन जारी है। अभी अनियंत्रित गति से दौड़ने वाले वाहनों के मालिकों को मैसेज कर चेतावनी जारी करने के साथ ही उन्हें टोल प्लाजा पर भी जागरूक किया जा रहा है। दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक स्पीडो मीटर कैमरों के जरिये ई-चालान होना शुरू होने की उम्मीद है। चालान वाहन स्वामी को अगले टोल या फिर संबंधित जिले के ट्रैफिक पुलिस कार्यालय में जाकर जमा करना होगा। तभी आगे सफर जारी रहेगा। – संजीव कटियार, मुख्य सुरक्षा अधिकारी, गंगा एक्सप्रेसवे, मेरठ

गति सीमा तय होने पर भी 100 से 120 किमी की रफ्तार से दौड़ रहे वाहन

गंगा एक्सप्रेसवे के सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे पर हादसों को कम करने के लिए स्पीड नियंत्रित की गई है, लेकिन ज्यादातर लोग दिन में नहीं मान रहे। वाहन चालक 100 से लेकर 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से वाहन दौड़ा रहे हैं, जबकि गंगा एक्सप्रेस पर जगह-जगह स्पीड निर्धारित करने के संबंध में बोर्ड लगाए जा चुके हैं।

अनधिकृत बसों के विरुद्ध कार्रवाई, 12 के चालान

बदायूं। गंगा एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों के विरुद्ध दूसरे दिन भी कार्रवाई की गई। शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान 12 बसों के चालान किए गए। बसों की सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत गहन जांच की गई। चेकिंग के दौरान वाहनों के आवश्यक प्रपत्रों, सुरक्षा मानकों एवं यात्रियों की सुरक्षित यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X