शामली के जिला अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती प्रवीण (52) की मौत के बाद उसका शव करीब 13 घंटे तक अस्पताल में पड़ा रहा। कांधला के खंद्रावली निवासी प्रवीण को बुखार और लीवर में संक्रमण के चलते मेरठ रेफर किया गया था, लेकिन उसे वहां ले जाने के लिए कोई परिजन मौजूद नहीं था। शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि पुलिस को दो बार सूचना दी गई, लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। वहीं, पुलिस ने देरी के आरोप को गलत बताया है। जिलाधिकारी और एसपी ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
हालत बिगड़ने पर मेरठ किया था रेफर
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. मनोज अखौरी के अनुसार, प्रवीण को 26 नवंबर को दोपहर में कांधला सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। उसे बुखार और लीवर में संक्रमण की शिकायत थी। उपचार के दौरान देर शाम करीब सात बजे उसकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। सीएमएस के मुताबिक, उस समय उसके साथ जाने के लिए कोई परिजन मौजूद नहीं था।