छत से उल्टी लटका दी मोटरसाइकिल, कहा- 10 मिनट बैठ जाओ और मुफ्त में ले जाओ, गजब का चैलेंज हुआ वायरल
Viral Video : आज के दौर में बिजनेस को आगे बढ़ाने और ग्राहकों का ध्यान खींचने के लिए कंपनियां तरह-तरह के मार्केटिंग आइडिया अपनाती हैं. कई बार ये तरीके इतने अनोखे होते हैं कि देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो जाते हैं. ऐसा ही एक दिलचस्प मामला ब्राजील से सामने आया है, जहां एक बाइक शोरूम ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ऐसा चैलेंज रखा, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए. यहां मुफ्त बाइक जीतने का मौका तो था, लेकिन शर्त इतनी मुश्किल थी कि अच्छे-अच्छों के पसीने छूट गए.
छत से उल्टी लटका दी चमचमाती बाइक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्राजील के पेड्रो सेगुंडो में ‘अप्पेल मोटोस’ नाम के एक नए बाइक शोरूम का उद्घाटन किया गया. इस मौके को खास बनाने के लिए शोरूम के मालिकों ने एक अनोखा फ्री बाइक चैलेंज आयोजित किया. इसके लिए शोरूम के प्रवेश द्वार की छत से एक चमचमाती नीले रंग की मोटरसाइकिल को उल्टा लटका दिया गया.
चैलेंज के नियम भी काफी दिलचस्प थे. प्रतियोगी को इस उल्टी लटकी बाइक पर राइडिंग पोजीशन में बिना किसी सहारे के 10 मिनट तक टिके रहना था. जो भी व्यक्ति यह चुनौती पूरी कर लेता, उसे बाइक इनाम में दी जाती. यानी महज 10 मिनट की मेहनत और एक नई मोटरसाइकिल बिल्कुल मुफ्त..
19 साल के युवक ने दिखाई हिम्मत
इस अनोखे चैलेंज को पूरा करने के लिए 19 वर्षीय विटर नाम का युवक आगे आया. उसने बाइक को पकड़कर अपने हाथों और पैरों की मदद से खुद को संभाला और उल्टी लटकी मोटरसाइकिल पर बैठने जैसी पोजीशन बना ली.
वहां मौजूद लोगों की नजरें उसी पर टिकी थीं. एंकर ने लाउडस्पीकर के जरिए काउंटडाउन शुरू किया, जबकि आसपास खड़ी भीड़ अपने मोबाइल फोन से इस नजारे को रिकॉर्ड करने लगी. शुरुआत में युवक ने पूरी ताकत लगाकर खुद को संभालने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मुश्किलें बढ़ने लगीं.
10 मिनट तो दूर 1 मिनट में ही माननी पड़ी हार
चैलेंज सुनने में जितना आसान लग रहा था, असल में उतना ही मुश्किल निकला. उल्टी लटकी बाइक पर शरीर का संतुलन बनाए रखना और लगातार हाथ-पैरों की ताकत से खुद को हवा में टिकाए रखना आसान नहीं था. बताया जा रहा है कि करीब एक मिनट बाद ही विटर के हाथ-पैर जवाब देने लगे और उसे नीचे उतरना पड़ा. इस तरह वह मुफ्त बाइक जीतने से चूक गया. हालांकि, उसकी कोशिश देखकर वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उसका हौसला बढ़ाया.
Isso foi uma inauguração de uma loja de motos e se alguém ficasse mais de 10 minutos com a moto de cabeça para baixo, levava a moto grátis! O marketing simplesmente perfeito https://t.co/yTCOdqqICj
