Kurukshetra News:निजी बसों की समयसारिणी पर आरटीए ने कुरुक्षेत्र डिपो से मांगा जवाब – Rta Seeks Response From Kurukshetra Depot Regarding Private Bus Timetable
कुरुक्षेत्र। पूंडरी से कुरुक्षेत्र के बीच रूट नंबर-134 पर निजी बसों की संशोधित समयसारिणी लागू नहीं होने का मामला फिर सुर्खियों में है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद आरटीए कैथल ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरटीए ने 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र रोडवेज डिपो के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर निजी बस संचालकों के कानूनी नोटिस पर तथ्यात्मक टिप्पणी और संबंधित रिकॉर्ड मांगा है।
यह मामला बजरंग कोऑपरेटिव ट्रांसपोर्ट सोसायटी लिमिटेड और हुड्डा कोऑपरेटिव ट्रांसपोर्ट सोसायटी लिमिटेड कैथल की बसों के संचालन से जुड़ा है।
दोनों सोसायटियों की ओर से अधिवक्ता राज कौशिक ने 16 अक्तूबर को परिवहन विभाग के अधिकारियों को कानूनी नोटिस भेजा था। इसमें पांच अक्तूबर को स्वीकृत संशोधित समयसारिणी लागू कराने और निजी बसों के संचालन में आ रही कथित बाधाएं दूर करने की मांग की गई थी।
निजी बस संचालक नूतन, शमशेर और राजीव का कहना है कि हरियाणा रोडवेज कर्मचारी यूनियन की ओर से समयसारिणी पर उठाई गई आपत्तियों को आरटीए कैथल ने 14 अक्तूबर को खारिज कर दिया था। इसके बावजूद नई समयसारिणी लागू नहीं हुई। इसके बाद दोनों सोसायटियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की। तीन नवंबर को न्यायमूर्ति कीर्ति सिंह की अदालत ने अधिकारियों को कानूनी नोटिस पर कानून के अनुसार शीघ्र और समयबद्ध निर्णय लेने के निर्देश दिए थे।
