रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Etah News:एक तरफ धधकी पिता की चिता, बगल में दफन हुए दो मासूम… कांप उठा हर कलेजा – On One Side, A Father Funeral Pyre Blazed; Nearby, Two Innocent Children Were Laid To Rest It Was A Sight That Shook Everyone To The Core
एटा

Etah News:एक तरफ धधकी पिता की चिता, बगल में दफन हुए दो मासूम… कांप उठा हर कलेजा – On One Side, A Father Funeral Pyre Blazed; Nearby, Two Innocent Children Were Laid To Rest It Was A Sight That Shook Everyone To The Core

November 28, 2026


एटा। एक ओर धधकती हुई पिता की चिता और ठीक बगल की मिट्टी में दफन होते उसके दो मासूम कलेजे के टुकड़े… शुक्रवार की सुबह कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव कठौली में अंतिम विदाई का यह हृदयविदारक दृश्य देखकर हर किसी की रूह कांप उठी। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो बीच में चिरनिद्रा में लेटे पिता तेजवीर के दोनों ओर उसकी दो भुजाएं सिमट गई हों।

जब एक ही आंगन से पिता और उसके दो नन्हे बच्चों की अर्थियां एक साथ उठीं तो पूरा गांव आंसुओं के सैलाब में डूब गया। गम का आलम यह रहा कि न केवल मृतक के परिवार, बल्कि पूरे गांव के घरों में चूल्हे तक नहीं जले।

कठौली निवासी मनवीर सिंह ने रुंधे गले से बताया कि छोटा भाई तेजवीर बृहस्पतिवार को अपनी 3 वर्षीय बेटी गीता और 4 वर्षीय बेटे युवराज को सर्दी से बचाने के लिए जैकेट खरीदने बाइक से वाहनपुर जा रहा था। गांव से महज 2 किलोमीटर आगे निकलते ही काल बनकर पीछे से आए एक तेज रफ्तार लोडर वाहन ने उनकी बाइक को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में दोनों मासूम बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल तेजवीर की सांसें मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में थम गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोडर दो हिस्सों में बंट गया और उसका चालक दलवीर निवासी जंगलपुर थाना बागवाला भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।

बृहस्पतिवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद जब तीनों शव एक साथ गांव पहुंचे तो पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। शुक्रवार सुबह अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू होते ही परिवार की महिलाओं के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि कुछ घंटों पहले तक बच्चों की किलकारियों से गूंजने वाला हंसता-खेलता परिवार हमेशा के लिए उजड़ चुका है। नम आंखों के बीच भाई मनवीर ने कांपते हाथों से तेजवीर की चिता को मुखाग्नि दी और पास ही दोनों मासूमों को मिट्टी में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

पति और बच्चों के शव देख बेसुध होती रही तारा

तेजवीर का विवाह करीब 11 वर्ष पूर्व अमांपुर निवासी तारा के साथ हुआ था। अब परिवार में करीब साढ़े 8 वर्ष की बड़ी बेटी गुंजन और 8 माह की दुधमुंही बच्ची रूबी ही बची हैं। इस हादसे ने तारा की पूरी दुनिया उजाड़ दी है। एक तरफ जीवनसाथी और दो मासूम बच्चों को हमेशा के लिए खोने का असहनीय वज्रपात है, तो दूसरी ओर दोनों बेटियों की परवरिश और भविष्य की पहाड़ जैसी चिंता। परिजन उसे ढांढस बंधाने का प्रयास करते रहे, लेकिन पति व बच्चों के शवों को निहारते हुए उसका बार-बार बिलखना और बेहोश होकर गिर पड़ना वहां मौजूद हर शख्स का कलेजा चीर रहा था।

मंगलगीत की जगह आंगन में गूंजा करुण क्रंदन

तेजवीर 4 भाई-बहनों में सबसे छोटे और सबके लाडले थे। परिवार में शुक्रवार को ही चचेरी बहन की गोद भराई की रस्म होनी थी, जिसके लिए घर में कई दिनों से तैयारियां और मंगलगीत चल रहे थे। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि खुशियों की शहनाई की जगह घर में मातम की चीखें गूंजेंगी। हादसे की मनहूस खबर पहुंचते ही गोद भराई का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया और जिस आंगन में मेहमानों के स्वागत की तैयारियां हो रही थीं, वहां अब अपनों को खोने का गहरा सन्नाटा और करुण क्रंदन पसरा है।

भाई व भतीजे- भतीजी की एक साथ अर्थी उठने पर विलाप करतीं तेजवीर की बहन संगीता। संवाद

भाई व भतीजे- भतीजी की एक साथ अर्थी उठने पर विलाप करतीं तेजवीर की बहन संगीता। संवाद

भाई व भतीजे- भतीजी की एक साथ अर्थी उठने पर विलाप करतीं तेजवीर की बहन संगीता। संवाद

भाई व भतीजे- भतीजी की एक साथ अर्थी उठने पर विलाप करतीं तेजवीर की बहन संगीता। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X