रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कांगड़ा

Kangra News:खैर कटान का मामला एनजीटी पहुंचा, हजारों पेड़ काटने का आरोप – The Matter Of The Tree Felling Has Reached The Ngt, With Allegations That Thousands Of Trees Were Cut Down

November 28, 2026


दौरा (कांगड़ा)। नूरपुर वन मंडल की भदरोया वन रेंज में कथित अवैध खैर कटान का मामला राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) पहुंच गया है। इस संबंध में जनहित याचिका संख्या 656/2026 दायर कर हजारों पेड़ों के कटान का आरोप लगाया गया है। याचिका में वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कटान प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

याचिका के अनुसार इंदपुर, मल्हाडी और धगवां सहित विभिन्न क्षेत्रों में निजी, वन, खुदराओ और ठाकुर राम गोपाल मंदिर डमटाल की भूमि से खैर के पेड़ों का कटान हुआ है। लकड़ी की ढुलाई में बिना नंबर प्लेट और चेसी नंबर वाले वाहनों के इस्तेमाल का आरोप भी लगाया गया है।

याचिकाकर्ता ने सर्वोच्च न्यायालय के 16 फरवरी 2018 के टीएन गोदावर्मन थिरुमूलपाद मामले के आदेशों का हवाला देते हुए निजी और सरकारी भूमि पर कटान से पहले तथा बाद की वीडियोग्राफी अनिवार्य करने की मांग की है। साथ ही पेड़ों की पहचान, निशानदेही, मार्किंग और कटान का पूरा रिकॉर्ड तैयार करने का आग्रह किया है।

अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग

याचिका में आरोप लगाया गया है कि वन विभाग के उच्च अधिकारियों को कई बार शिकायतें देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। नौ जुलाई 2026 को प्रधान मुख्य वन संरक्षक को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई थी। वहीं, 28 सितंबर 2026 को निजी भूमि पर खैर कटान से पहले पेड़ों की निशानदेही और वीडियोग्राफी करवाने की मांग उठाई गई। याचिका में विधानसभा में भी मामला उठाए जाने का उल्लेख है। भाजपा विधायक विपिन परमार और सतपाल सत्ती ने भी इस मुद्दे को सदन में उठाया था।

तीन वर्षों के कटान की जांच का आग्रह

याचिकाकर्ता ने वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक हुए खैर कटान की निष्पक्ष जांच करवाने, विभागीय अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जरूरत पड़ने पर केंद्रीय जांच एजेंसी से जांच करवाने का आग्रह भी किया गया है। हालांकि, याचिका में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X