Azamgarh News:दीवार गिराने के विरोध पर मारपीट, वीडियो वायरल – Assault Over Opposition To The Demolition Of A Wall; Video Goes Viral
अहरौला थाना क्षेत्र के भोगइचा गांव में शनिवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि दीवार गिराने का विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर महिलाओं समेत परिवार के सदस्यों को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गांव निवासी संजय पांडेय (56) के घर के बगल में आबादी की जमीन पर सात फीट ऊंची और 26 फीट लंबी दीवार बनी है। इसको लेकर दोनों पक्षों में करीब एक साल से विवाद चल रहा है। संजय का आरोप है कि विपक्षी पहले भी दीवार गिरा चुके हैं, जिसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की गई थी। शनिवार सुबह दीवार गिराने का विरोध करने पर 10 से 15 की संख्या में पहुंचे लोगों ने परिवार पर हमला कर दिया।
इसमें संजय पांडेय, उनकी पत्नी संगीता पांडेय (50) और पुत्र सुजीत पांडेय (26) घायल हो गए। महिलाओं को भी घसीटकर पीटने का आरोप है। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। अधीक्षक डॉ. शिवकुमार यादव ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
संजय पांडेय ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष रामकिशोर शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर दिलीप, विष्णु, अरुण और शिवम समेत आठ से दस अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
