Ayodhya News:यूपी बोर्ड परीक्षा ड्यूटी से पहले शिक्षकों के अभिलेखों का सत्यापन – Verification Of Teachers’ Records Prior To Up Board Examination Duty
अयोध्या। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने से पहले जिले के दो हजार से अधिक शिक्षकों के अभिलेखों का सत्यापन कराया जा रहा है। परिषद ने इस प्रक्रिया को 10 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के शैक्षिक एवं सेवा संबंधी विवरणों की जांच की जा रही है।
डीआईओएस डॉ. पवन कुमार तिवारी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की तैनाती के साथ ही प्रयोगात्मक परीक्षाओं और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में भी शिक्षकों की जिम्मेदारी तय की जाती है। ऐसे में उनकी शैक्षिक योग्यता और नियुक्ति की पात्रता सुनिश्चित करना जरूरी है। डिबार शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को चिह्नित कर उनकी अलग सूची तैयार की जाएगी।
विद्यालयों को शिक्षकों और कर्मचारियों का विवरण पोर्टल पर अपडेट करने के लिए 15 नवंबर तक का समय दिया गया था। अब जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर से इन विवरणों का सत्यापन कराया जा रहा है। जांच के दौरान गलत या भ्रामक जानकारी मिलने पर संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य और प्रबंधक की जवाबदेही तय की जाएगी।
इन अभिलेखों का होगा सत्यापन
सत्यापन के दौरान शिक्षकों की स्नातक और परास्नातक की शैक्षिक योग्यता एवं प्रमाणपत्र, नियुक्ति तिथि और नियुक्ति संबंधी अभिलेख, पदनाम और कार्यरत विद्यालय, अध्यापन विषय एवं विषय कोड, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर की जांच की जाएगी। इसके अलावा प्रधानाचार्य और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का विवरण तथा डिबार शिक्षकों और प्रधानाचार्यों की स्थिति का भी सत्यापन किया जाएगा।
