Gurugram News:पेसेंजर ट्रेन में महिला के ट्रॉली बैग से 15 तोले सोने के जेवर चोरी – Gold Jewellery Weighing 15 Tolas Stolen From A Woman’s Trolley Bag On A Passenger Train
– पटौदी रोड स्टेशन के पास ट्रेन में चढ़े संदिग्ध पर शक, दिल्ली स्टेशन पर बैग की जांच करने पर चला पता
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। रेवाड़ी से हल्द्वानी जा रही महिला के ट्रॉली बैग से ट्रेन में करीब 15 से 16 तोले सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। महिला को चोरी का पता दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उतरते समय चला। बैग की चेन कटी हुई थी। महिला की शिकायत पर जीआरपी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेवाड़ी की शिव कॉलोनी निवासी रिचा वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 नवंबर को वह ट्रेन संख्या 54310 से हल्द्वानी जा रही थी। 24 नवंबर को उसके मायके में भाई की शादी थी। सफर के दौरान पटौदी रोड स्टेशन से पहले एक अनजान व्यक्ति ट्रेन में चढ़ा और लगभग आधे घंटे तक उसकी ऊपर वाली सीट पर बैठा रहा। वह गुरुग्राम पहुंचने से पहले ट्रेन से उतर गया।
महिला ने बताया कि दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उतरते समय उसने ट्रॉली बैग की चेन कटी हुई देखी। बैग खोलकर जांच की तो उसमें रखा जेवरात का डिब्बा गायब मिला। उसमें सोने की नथ, मांग टीका, मंगलसूत्र, एक हार, दो जोड़ी झुमके और दो अंगूठियां थीं। इनका कुल वजन करीब 15 से 16 तोले बताया गया है। महिला ने ट्रेन में चढ़े संदिग्ध व्यक्ति पर चोरी का शक जताया है।
जीआरपी थाना प्रभारी राजेश ने बताया कि स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। सीसीटीवी में संदिग्ध व्यक्तियों की फोटो पीड़िता को दिखाई जा रही है।
