Sonebhadra News:दो माह बाद भी रियल एस्टेट कारोबारी की हत्या का खुलासा नहीं – Murder Of Real Estate Businessman Remains Unsolved Even After Two Months
घोरावल। नगर के वार्ड संख्या पांच निवासी रियल एस्टेट कारोबारी ओमप्रकाश भारद्वाज (55) की हत्या के दो माह बाद भी पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। हत्यारों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में असंतोष है। उन्होंने पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। तीन अक्तूबर की सुबह ओमप्रकाश भारद्वाज का शव उनके आवास पर बिस्तर पर मिला था। उनके गले पर चोट के निशान थे। सूचना पर पहुंची घोरावल कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की थी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। मृतक के पुत्र विकास राजभर की तहरीर पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। ओमप्रकाश मुंबई में रियल एस्टेट का कारोबार करते थे। इसके अलावा सोनभद्र और मिर्जापुर जिले में भी कई स्थानों पर प्लाटिंग का व्यवसाय था। रुपये के लेनदेन को लेकर हत्या की आशंका जताई गई थी। हालांकि, दो माह बीतने के बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक का विसरा जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है। रिपोर्ट के लिए दो बार रिमाइंडर भी भेजा जा चुका है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
