रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
शामली

Shamli News:दलित-मुस्लिम वोटों के नए समीकरण से बदलेगा तीनों सीटों का सियासी गणित – The New Dalit-muslim Vote Equation Will Change The Political Arithmetic Of The Three Seats

November 29, 2026


शामली। विधानसभा चुनाव 2027 की तीनों सीटों कैराना, शामली और थानाभवन में राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। दलित और मुस्लिम मतदाताओं के साथ सभी वर्गों के वोटों को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हैं। सपा, बसपा भाजपा की तैयारी के बीच आजाद समाज पार्टी का एआईएमआईएम से गठबंधन चुनावी समीकरणों को बिगाड़ रहा है। जिले में दलित-मुस्लिम वोट हार जीत में निर्णायक की भूमिका में होते हैं।

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में तीनों सीटों पर सपा-रालोद गठबंधन ने जीत दर्ज की थी। कैराना से सपा के नाहिद हसन, शामली से रालोद के प्रसन्न चौधरी और थानाभवन से रालोद के अशरफ अली खान विधायक बने थे।

तीनों सीटों पर ऐसा रहा था 2022 का परिणाम

कैराना में नाहिद हसन ने भाजपा की मृगांका सिंह को 25,887 वोटों से हराया था। नाहिद को 1,31,035 और मृगांका को 1,05,148 वोट मिले थे। बसपा के राजेंद्र को 2,077 वोट मिले थे।

शामली में प्रसन्न चौधरी ने भाजपा के तेजेंद्र निर्वाल को 7,107 वोटों से हराया था। उन्हें 1,03,070 और तेजेंद्र निर्वाल को 95,963 वोट मिले थे। बसपा के बिजेंद्र मलिक को 8,183 वोट मिले थे।

थानाभवन में अशरफ अली खान ने भाजपा के सुरेश राणा को 10,806 वोटों से हराया था। उन्हें 1,03,751 और सुरेश राणा को 92,945 वोट मिले थे।

तीनों सीटों पर मुस्लिम और दलित मतदाताओं का अनुमानित आंकड़ा

– कैराना : मुस्लिम करीब 1.34 लाख और दलित करीब 18 हजार।

– शामली : मुस्लिम करीब 70 हजार और दलित करीब 35 हजार।

– थानाभवन : मुस्लिम करीब 98 हजार और दलित करीब 60 हजार।

दलित मतदाताओं पर बसपा और आसपा की नजर

बसपा का परंपरागत जनाधार रहा है, वहीं आजाद समाज पार्टी भी संगठन विस्तार में जुटी है। जिलाध्यक्ष मास्टर प्रदीप का कहना है कि एआईएमआईएम के साथ गठबंधन का फायदा मिलेगा। पार्टी संगठन को मजबूत करने और अपनी राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। बसपा जिलाध्यक्ष सुनील का कहना है कि पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। मुस्लिम और दलित पहले से ही उनके साथ है।

सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की तैयारी

एआईएमआईएम के शामली जिलाध्यक्ष परवेज का कहना है कि गठबंधन को दलित-मुस्लिम ही नहीं, बल्कि सभी वर्गों के मतदाताओं का समर्थन मिलेगा। पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की तैयारी कर रही है। आगामी चुनाव में गठबंधन, प्रत्याशियों का चयन और स्थानीय मुद्दे तीनों सीटों पर राजनीतिक चर्चा के प्रमुख विषय रहेंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X