Lalitpur News:पर्चे पर डॉक्टर की सलाह , दवाओं के लिए भटक रहे मरीज – Patients Struggle To Find Medicines Prescribed By Doctors On Their Prescriptions
ललितपुर। जिला अस्पताल को उच्चीकृत कर मेडिकल कॉलेज बनाने के बाद भी मरीजों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। यहां एक माह से अधिक समय से दवाइयों का संकट बना हुआ है। ओपीडी में डॉक्टर से परामर्श मिलने के बाद भी मरीजों को पूरी दवाइयां नहीं मिल रही हैं। पर्चे पर लिखी पांच दवाइयों में से केवल दो या तीन ही दवा काउंटर से मिल पा रही हैं। शेष दवाइयों पर गोला लगाकर उनके उपलब्ध न होने की बात कही जा रही है। ऐसे में गरीब मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं।
शनिवार को भी मेडिकल कॉलेज में दवा लेने के लिए मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। घंटों इंतजार के बाद भी मरीजों को पूरी दवाइयां नहीं मिल सकीं। दवाइयां न मिलने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। दवा काउंटर पर पूरी दवाइयां नहीं मिलने से मरीजों को भटकना पड़ रहा है। कुछ मरीज प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पहुंच रहे हैं तो कई बाहर से दवाइयां खरीद रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के सामने अधिक परेशानी है। पैसे की कमी के कारण कुछ मरीज बिना पूरी दवाइयों के ही लौटने को मजबूर हैं।
वेयरहाउस से दवाइयों की मांग की गई है। जल्द ही दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी।-डॉ. गजेंद्र सिंह, सीएमएस, मेडिकल कॉलेज
इन बीमारियों की दवाइयों का संकट
मेडिकल कॉलेज में लीवर, चर्म रोग, मधुमेह, एंटीबायोटिक, सांस संबंधी बीमारियों, बवासीर के ट्यूब, मल्टीविटामिन और खांसी के सिरप की दवाइयां उपलब्ध नहीं हैं।
पैर में दर्द की समस्या है। यहां पर परामर्श के बाद चिकित्सक ने दवा लिखी हैं, जो मिल तक नहीं रही हैं। अब दवाइयों का संकट हो गया है।
– शांति बाई
तीन- चार दिन से जुकाम व खांसी है। अस्पताल में जुकाम की दवा मिल गई है। खांसी की दवा नहीं मिल पा रही है। इससे जन औषधि केंद्र से ले रहे हैं।
– शिक्षा
चर्म रोग की समस्या है। अधिक दूर से उपचार को आए हैं। यहां पर दवा नहीं मिल रही है। आर्थिक समस्या के चलते दवा नहीं खरीद पा रहे हैं।-रेखा
खांसी से अधिक परेशान है। चिकित्सक को दिखाने पर दवाइयां लिखीं। लेकिन, न मिलने से परेशान हो गए हैं। बाहर से दवा नहीं खरीद सकते हैं।-महेश
