Jalaun News:मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए बूथों पर चला विशेष अभियान – Special Drive Conducted At Booths To Add Names To The Electoral Roll
उरई/कोंच/कालपी। मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए शनिवार को जिलेभर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया।
इस दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्रों के नाम हटाने और नाम-पते में संशोधन के लिए बूथों पर आवेदन लिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम समीर और एसपी सुरेश चंद्र रावत ने जिला परिषद इंटर कॉलेज नदीगांव और उच्च प्राथमिक विद्यालय कनासी कंपोजिट समेत कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने आलेख्य मतदाता सूची का अवलोकन कर बीएलओ की उपस्थिति, आवेदन प्रक्रिया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
वहीं, झांसी मंडल के अपर आयुक्त कुंवर पंकज सिंह ने एट स्थित पीएम श्री विद्यालय समेत विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ एसडीएम उत्तम कुमार तिवारी मौजूद रहे।
उन्होंने बीएलओ से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के जरिए प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। ऑनलाइन डिजिटाइजेशन की प्रगति और अभिलेखों के रखरखाव को भी परखा। निरीक्षण के दौरान बूथ संख्या 159 पर तीन और बूथ संख्या 160 पर छह आवेदन भरे मिले।
अपर आयुक्त ने जालौन के छिरिया सलेमपुर स्थित बूथ संख्या 46, 47 और 48 का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बीएलओ से पुनरीक्षण अभियान की प्रगति जानी।
इस दौरान एसडीएम राकेश सोनी, बीडीओ प्रशांत दुबे, तहसीलदार सुरेंद्र गौतम, एआरटीओ प्रशासन सौम्या पांडेय, प्रधान प्रतिनिधि आशीष तिवारी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
